अखंड केसरी ब्यूरो :- पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की एक और खतरनाक साजिश सामने आई है, जिसमें भारत के खिलाफ जासूसी गतिविधियों के लिए नाबालिग बच्चों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पंजाब के पठानकोट जिले में पुलिस ने एक 15 वर्षीय किशोर को गिरफ्तार किया है, जो बीते लगभग एक वर्ष से पाकिस्तान स्थित आईएसआई हैंडलरों के संपर्क में था और भारत से जुड़ी अहम व संवेदनशील जानकारियां साझा कर रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी किशोर को सोशल मीडिया और ऑनलाइन माध्यमों के जरिए जाल में फंसाया गया, जहां उसे धीरे-धीरे देश की सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियों, स्थानों और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं भेजने के लिए उकसाया गया। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि आईएसआई जानबूझकर कम उम्र के बच्चों को निशाना बना रही है ताकि कानून की पकड़ से बचा जा सके और भारत की आंतरिक सुरक्षा को कमजोर किया जा सके। पठानकोट पुलिस और खुफिया एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस साजिश में और कौन-कौन शामिल है और किन माध्यमों से नाबालिगों को देशविरोधी गतिविधियों में धकेला जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर अभिभावकों, शिक्षण संस्थानों और समाज के सामने यह गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है कि बच्चों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रखने और उन्हें राष्ट्रविरोधी ताकतों से बचाने के लिए और अधिक सतर्कता एवं जागरूकता की जरूरत है।
