कमिश्नरेट पुलिस जालंधर की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार, 4 पिस्तौल व 39 जिंदा कारतूस बरामद**

अखंड केसरी ब्यूरो:- अवैध हथियारों की तस्करी और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने एक संगठित अवैध हथियार सप्लाई मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से कुल चार पिस्तौल और 39 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर जालंधर श्रीमती धनप्रीत कौर, IPS के दिशा-निर्देशों के तहत तथा श्री मनप्रीत सिंह, PPS (DCP जांच), श्री जयंत पुरी, IPS (ADCP जांच) और श्री अमरबीर सिंह, PPS (ACP डिटेक्टिव) की देखरेख में स्पेशल सेल जालंधर द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के दौरान की गई। पुलिस के अनुसार 24 जनवरी 2026 को SI मनजिंदर सिंह, इंचार्ज स्पेशल सेल के नेतृत्व में टीम नंगल शामा चौक पर नाकाबंदी व चेकिंग कर रही थी, तभी होशियारपुर की ओर से आ रही सफेद स्विफ्ट कार (PB10-JZ-4001) को शक के आधार पर रोका गया। तलाशी के दौरान ड्राइवर सीट के नीचे से एक .32 बोर पिस्तौल व 5 जिंदा कारतूस बरामद हुए, जिसके बाद थाना रामा मंडी में आर्म्स एक्ट की धारा 25/54/59 के तहत FIR नंबर 15 दिनांक 24.01.2026 दर्ज की गई। आगे की पूछताछ में आरोपी याकूब अली के खुलासा बयान पर पुलिस ने दो और .32 बोर पिस्तौल सहित 30 जिंदा कारतूस तथा एक ग्लॉक पिस्तौल (9mm) सहित 4 जिंदा कारतूस बरामद किए। इस मामले में जोबन मसीह और उसके बेटे आशीष मसीह @ राजा को भी नामजद किया गया, जिनमें से जोबन मसीह को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि आशीष मसीह पहले से सेंट्रल जेल होशियारपुर में बंद है और उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी। गिरफ्तार आरोपियों में याकूब अली, सिपहिया, सोनू, पिंकू और जोबन मसीह शामिल हैं। बरामदगी में 03 पिस्तौल (.32 बोर) 35 कारतूस सहित, 01 ग्लॉक पिस्तौल 04 कारतूस सहित (9mm) और स्विफ्ट कार PB10-JZ-4001 शामिल है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं और इनके खिलाफ IPC, आर्म्स एक्ट, NDPS एक्ट सहित कई मामलों में केस दर्ज हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क के आगे-पीछे के कनेक्शन, सप्लाई चैन और संभावित गैंगस्टर लिंक की गहराई से जांच कर रही है। कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने स्पष्ट किया है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध हथियारों और संगठित अपराध में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Share This Article
Leave a comment