जालंधर नगर निगम परिसर में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण, चंदन ग्रेवाल ने समान और समृद्ध समाज का किया आह्वान*

जालंधर, 9 फरवरी:** भारतीय संविधान के शिल्पकार और महान समाज सुधारक बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का आज नगर निगम जालंधर परिसर में विधिवत अनावरण किया गया। इस अवसर पर पंजाब राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन चंदन ग्रेवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ मेयर विनीत धीर और नगर निगम आयुक्त संदीप ऋषि भी मौजूद थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चेयरमैन चंदन ग्रेवाल ने कहा कि आज समाज को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और सिद्धांतों की सबसे अधिक आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने अपना पूरा जीवन समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। वे एक महान विद्वान, न्यायविद, अर्थशास्त्री, समाज सुधारक और दूरदर्शी नेता थे, जिनकी सोच आज भी युवाओं के लिए मार्गदर्शक है। ग्रेवाल ने कहा कि नगर निगम परिसर में स्थापित यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को सामाजिक न्याय, समानता और मानव कल्याण के लिए कार्य करने की निरंतर प्रेरणा देती रहेगी।

 

उन्होंने लोगों को प्रतिमा स्थापना की बधाई देते हुए कहा कि डॉ. बी.आर. अंबेडकर के नाम पर बने नगर निगम परिसर में बाबा साहेब की प्रतिमा स्थापित होना लंबे समय से जनता की प्रमुख मांग थी, जो अब पूरी हुई है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे बाबा साहेब अंबेडकर की विचारधारा से प्रेरणा लेकर एक समृद्ध और समान समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। चेयरमैन ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार पहले दिन से ही बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर के सिद्धांतों पर चलते हुए राज्य के हर वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इससे पहले मेयर विनीत धीर और नगर निगम आयुक्त संदीप ऋषि ने भी शहरवासियों को प्रतिमा स्थापना पर बधाई दी और कहा कि बाबा साहेब ने दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को संविधान दिया, जिसका महत्व सदियों तक पूरी दुनिया में याद रखा जाएगा। उन्होंने बाबा साहेब की सोच को अपनाते हुए शहर की सेवा और विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर सीनियर डिप्टी मेयर बलबीर सिंह बिट्टू और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता नितिन कोहली सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment