अमृतसर – खुफिया जानकारी के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए स्टेट स्पेशल ऑपरेशंस सेल (SSOC), अमृतसर ने पाकिस्तान-समर्थित एक आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश कर एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है।
इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से एक रिमोट कंट्रोल IED, एक विदेशी निर्मित पिस्तौल और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से पाकिस्तान स्थित अपने हैंडलर के लगातार संपर्क में था और सीमा पार से भेजी गई आतंकी सामग्री को शहर के बाहरी इलाके में निर्धारित स्थान से हासिल किया गया था।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि यह IED पंजाब और दिल्ली समेत कई राज्यों में लक्षित हमलों को अंजाम देने के उद्देश्य से तैयार किया गया था। इस संबंध में थाना SSOC, अमृतसर में संबंधित कानूनी धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है तथा पूरे आतंकी नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए आगे और पीछे के लिंक खंगाले जा रहे हैं।
पंजाब पुलिस ने दोहराया है कि राज्य में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।