बच्ची के चाचा ने दावा किया कि सुसाइड नोट में लिखा है कि सॉरी मम्मा, मैं 2 पेपर में फेल हूं। बच्ची के चाचा ने सवाल उठाया कि ये सुसाइड नोट दबाव में किसी ने लिखवाया है। बच्ची को स्कूटी चलानी नहीं आती थी। कैंब्रिज से जालंधर हाईट की दूरी लगभग 3 से 4 किलोमीटर है।
वो वहां पहुंच कैसे गई। उसने 6वीं मंजिल से छलांग लगाई तो किसने देखा। मोबाइल क्यों नहीं टूटा। बच्ची के पैर में 2 गहरे घाव भी हैं। रिजल्ट से पहले उसे किसने बताया कि 2 पेपर में फेल है। पैरों में 2 घाव के अलावा बॉडी पर कोई निशान तक नहीं है।
सारे मामले में बड़ा सवाल ये है कि बच्ची को किसी ने छलांग लगाने नहीं देखा। शुक्रवार शाम साढ़े 4 बजे के बाद जालंधर हाईट सोसाइटी में वह गिरी मिली थी। इसके बाद उसे जालंधर के पिम्स मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आरोप-स्कूल मैनेजमेंट ने गेट बंद रखा, फुटेज नहीं दिए
कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल के बाहर शुक्रवार देर रात भी हंगामा हुआ। परिजनों ने आरोप लगाया कि इस मामले में स्कूल प्रबंधन ने लापरवाही बरती और जानकारियां छुपाईं। इसके अलावा प्रर्दशन कर रहे लोगों ने स्कूल का गेट पुलिस की मदद से खुलवाया। परिजन का कहना है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है, लेकिन पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है। घटना के 6 घंटे बाद भी सीसीटीवी फुटेज न मिलने और स्कूल प्रबंधन के अड़ियल रवैये के कारण माहौल बेहद तनावपूर्ण बना रहा।
डेली टेनिस की प्रैक्टिस करने जाती थी स्कूल
मृतक बच्ची भूमिका बारादरी स्थित कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल में 9वीं कक्षा की छात्रा थी। वह हर रोज अर्बन एस्टेट स्थित स्कूल की दूसरी ब्रांच में टेनिस का अभ्यास करने जाती थी। शुक्रवार को भी उसकी मां राखी सिंघल उसे स्कूल छोड़कर आई थीं, लेकिन शाम को बच्ची घर नहीं लौटी।
इसके बाद में उसका शव जालंधर हाइट्स फ्लैट्स के F-ब्लॉक के पास बरामद हुआ। पड़ोसी के मुताबिक, बच्ची के पिता सुनील सिंघल एक इंजीनियर हैं और माता राखी सिंघल गृहिणी हैं। भूमिका इनकी छोटी बेटी थी। इनकी एक बेटी और है, जोकि 18 साल की है। इनका परिवार पंजाबी बाग का रहने वाला है। जबकि, जालंधर हाइट्स सोसाइटी में बच्ची के कुछ दोस्त रहते थे।
स्कूल ग्राउंड में मिली टेनिस किट
परिजन का सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि बच्ची जालंधर हाइट्स तक गई, तो उसकी टेनिस किट स्कूल के ग्राउंड में ही कैसे रह गई? पिता सुनील सिंघला और मां राखी का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन कुछ छुपा रहा है। टेनिस कोर्ट के एंट्री रजिस्टर में भूमिका का नाम चौथे नंबर पर लिखा है और शुक्रवार को उसके आगे परजेंट लिखा हुआ है।
रजिस्टर में कुल 10 बच्चों का नाम है, जिनमें से 7 बच्चे कल प्रैक्टिस के लिए आए थे। इनमें भूमिका भी शामिल है। उनका कहना है कि पुलिस और स्कूल प्रशासन सीसीटीवी फुटेज दिखाने में टालमटोल कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और मांग की कि दूध का दूध और पानी का पानी किया जाए।

परिजन का मर्डर का दावा
जालंधर पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि बच्ची ने आत्महत्या की है, लेकिन वह किन परिस्थितियों में जालंधर हाइट्स पहुंची, इस पर पुलिस के पास फिलहाल कोई स्पष्ट जवाब नहीं है। जबकि, परिजन का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। उन्होंने सवाल उठाया कि स्मार्ट सिटी के दावों के बीच 6 घंटे तक पुलिस एक सीसीटीवी फुटेज क्यों नहीं निकाल पाई? मौके पर पहुंचे एसपी और भारी पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन परिजनों का गुस्सा कम नहीं हुआ।
सिविल के डॉक्टरों का पैनल करेगा पोस्टमॉर्टम
फिलहाल भूमिका के शव को सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया है। आज डॉक्टरों का एक पैनल शव का पोस्टमॉर्टम करेगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।
