मोहाली– पंजाब में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने डोनीबल गैंग के शूटर जैसी का एनकाउंटर किया है, जिसमें आरोपी घायल हो गया है। यह कार्रवाई फतेहगढ़ साहिब जिले के अमलोह इलाके में हुई, जहां पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के अनुसार, जैसी हाल ही में चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी में हुई फायरिंग की घटना में शामिल था।
इस वारदात के बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश कर रही थीं। इनपुट मिलने पर AGTF की टीम ने अमलोह क्षेत्र में घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलीबारी की, जिसमें जैसी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज जारी
उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसका इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के पास से हथियार भी बरामद किए हैं। सूत्रों के मुताबिक, जैसी लंबे समय से डोनीबल गैंग के लिए काम कर रहा था और कई आपराधिक मामलों में वांछित था।
पंजाब यूनिवर्सिटी फायरिंग केस के बाद उसकी तलाश और तेज कर दी गई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गैंग से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस एनकाउंटर को पंजाब पुलिस की एक बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है।
