BREAKING  सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाई : एक्साइज ड्यूटी ₹10 घटी,इससे फिलहाल पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़ेंगे

देश में कई जगहों पर पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ने की अफवाहों के चलते पेट्रोल पंपों पर भीड़ लगने लगी थी।

कच्चे तेल के संकट के बीच केंद्र सरकार ने तेल कंपनियों और आम जनता को राहत देते हुए पेट्रोल और डीजल पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी में 10 रुपए की कटौती की है। न्यूज एजेंसी के मुताबिक पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी को 13 रुपए प्रति लीटर से घटाकर 3 रुपए कर दिया गया है। वहीं, डीजल पर यह ड्यूटी पूरी तरह खत्म यानी जीरो कर दी गई है। पेट्रोल और डीजल की कीमत बढ़ने से रोकने के लिए सरकार ने ये कदम उठाया है।

यह एक तरह का इनडायरेक्ट टैक्स है जो सामान के प्रोडक्शन या मैन्युफैक्चरिंग पर लगाया जाता है। ये टैक्स केंद्र सरकार लेती है। इससे सामान का दाम बढ़ जाता है। भारत में पेट्रोल-डीजल पर केंद्र सरकार एक्साइज ड्यूटी और राज्य सरकारें VAT लगाती हैं। लेकिन अब सरकार ने एक्साइज ड्यूटी में कटौती कर दी है।

कच्चा तेल 70 डॉलर से 100 डॉलर के पार पहुंचा, कंपनियों को नुकसान

पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के मुताबिक, पिछले एक महीने में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया है। क्रूड ऑयल 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। इस वजह से दुनिया भर में ईंधन की कीमतों में 30% से 50% तक की बढ़ोतरी हुई है। भारत में तेल कंपनियां फिलहाल पेट्रोल पर 24 रुपए प्रति लीटर और डीजल पर 30 रुपए प्रति लीटर का घाटा सह रही हैं। सरकार का कहना है कि टैक्स घटाने का फैसला कंपनियों के इसी दबाव को कम करने के लिए लिया गया है।

नायरा ने पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 महंगा किया

इससे पहले कल नायरा एनर्जी ने पेट्रोल ₹5 प्रति लीटर और डीजल ₹3 महंगा कर दिया था। अब भोपाल में इस कंपनी का पेट्रोल 111.72 रुपए और डीजल 94.88 रुपए पर पहुंच गया है। नायरा एनर्जी की ओर से की गई यह बढ़ोतरी अलग-अलग राज्यों में वहां के लोकल टैक्स और वैट के हिसाब से अलग-अलग हो सकती है।

मोदी ईरान जंग पर आज मुख्यमंत्रियों से बात करेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 मार्च को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुख्यमंत्रियों से बात करेंगे। इसमें ईरान जंग के बाद बिगड़े हालात पर चर्चा संभव है। चुनावी राज्यों के सीएम इसमें शामिल नहीं होंगे। मोदी ने 24 मार्च को राज्यसभा में कहा था कि ईरान जंग जारी रही तो इसके गंभीर नतीजे होंगे। आने वाला समय कोरोनाकाल जैसी परीक्षा वाला होगा। केंद्र और राज्य को मिलकर काम करना होगा।

वहीं, सरकार ने आज देश में पेट्रोल, डीजल और गैस की कमी की खबरों को खारिज कर दिया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा कि दुनिया में कुछ भी हो जाए, भारत के पास 60 दिन का पेट्रोल, डीजल है।

Share This Article
Leave a comment