जालंधर में रफ्तार का कहर: ट्राले ने महिला को कुचला, मौके पर मौत

जालंधर जालंधर-लुधियाना हाईवे पर मैकडोनल्ड के पास सड़क हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। दवाई लेकर लौट रहे परिवार की एक्टिवा को तेज रफ्तार ट्राले ने टक्कर मार दी, जिससे महिला ट्राले के नीचे आ गई। मौके पर मौजूद बच्चा और पति आंखों के सामने हादसा देख बेहोश हो गए। हादसा इतना खौफनाक था कि पति की आंखों के सामने ही पत्नी की दोनों टांगें ट्राले के नीचे कट गईं। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी ट्राला ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, गांव समरावा के रहने वाले संजय कुमार अपनी पत्नी छाया और अपने 3 वर्षीय बेटे के साथ जालंधर शहर आए थे। वे शहर में काम निपटाने और दवाई लेने के बाद एक्टिवा पर सवार होकर वापस घर लौट रहे  थे।

मोड़ पर ट्राले ने मारी जोरदार टक्कर

जैसे ही यह परिवार हाईवे पर मैकडोनल्ड के पास से नकोदर रोड की तरफ मुड़ने लगा, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्राले ने उनकी एक्टिवा को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और छाया सीधे ट्राले के पहियों के नीचे जा गिरीं।  हादसे के तुरंत बाद लहूलुहान हालत में छाया को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। लोगों ने तुरंत इस घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

आरोपी ट्राला चालक गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही थाना परागपुर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। चौकी इंचार्ज सुरजीत सिंह ने तत्परता दिखाते हुए भागने की कोशिश कर रहे ट्राला ड्राइवर को काबू कर लिया। पकड़े गए आरोपी ड्राइवर की पहचान गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Share This Article
Leave a comment