बटाला में ₹176.91 करोड़ के प्रोजेक्ट लॉन्च : CM मान बोले- AAP विकास की बात करती है, अकाली दल डायनासोर की

पठानकोट पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरुवार को बटाला में 176.91 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की शुरुआत की। इस मौके मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी स्टेज से विकास की बात करती है जबकि अकाली दल डायनासोर की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी की स्टेजों से सड़कें बनाने, आम आदमी क्लीनिक, माताओं-बहनों के घरों में 1-1 हजार पहुंचाने की बातें होती हैं। अकाली दल की स्टेज से डायनासोर के गले में संगल डालने जैसी बातें होती हैं। वह सब एक-दूसरे की टांग खींच रहे हैं। भाजपा, अकाली दल और कांग्रेस के स्टेजों पर लोगों की बात नहीं होती। उन्हें पंजाब के लोग पसंद नहीं है।

आम लोगों को कीड़े मकौड़े समझते हैं

आगे बोलते हुए सीएम ने कहा कि वह आम लोगों से हाथ नहीं मिलाते। अगर गलती से किसी से हाथ मिलाना पड़ जाए तो गाड़ी में बैठते ही सैनिटाइजर से हाथ साफ करते हैं, ताकि कोई बीमारी ना लग जाए। ये नेता आम लोगों को कीड़े मकौड़े समझते हैं।

हमारी पार्टी ने लोगों के लिए ही किया काम

हमारी सरकार आने से पहले अकाली दल और कांग्रेस के लोग 5-5 साल बारी-बारी राज करते थे। एक बार जीत जाते थे, उसके बाद अपने घरों को अंदर से लॉक कर लेते थे, बाहर नहीं निकलते थे। कैप्टन अमरिंदर सिंह और सुखबीर बादल जीतने के बाद अपने घरों में ही रहते थे। घर से ही आदेश जारी किए जाते थे कि केवल जानकारों और रिश्तेदारों के ही काम होने चाहिए। लोगों से उनका कोई मतलब नहीं रहता था। हमारी पार्टी ने लोगों के लिए ही काम किया है।

पंजाब बचाओ रैलियां नहीं परिवार बचाओ रैलियां निकाल रहे

मान ने कहा कि विपक्षी अब पंजाब बचाओ नहीं परिवार बचाओ रैली निकाल रहे हैं। सुखबीर बादल अपने साले और अपनी पत्नी को बचाने के लिए पंजाब बचाओ रैलियां कर रहे हैं। इन लोगों ने पंजाब के घर-घर चिट्टा पहुंचा कर परिवार उजाड़ दिए और अपने परिवार बचाने के लिए अब रैलियां निकाल रहे हैं। यह लोग बसे हुए घरों को उजाड़ने वाले हैं। इन पार्टियों ने हमेशा कौम के साथ गद्दारी की है।

गुरु साहिब की बेअदबी करवाने वाली क्षेत्रीय पार्टी की दुहाई दे रहे अकाली

सीएम मान ने कहा कि अकाली दल के लोग अब स्टेजों से कह रहे हैं कि पुरानी बातों को भूल जाओ और क्षेत्रीय पार्टी को मजबूत करो। यह वही क्षेत्रीय पार्टी है, जिसने गुरु साहिबान की बेअदबी करवाई। उसको अब कैसे भूला जाए, जिसने गलियों में गुरु की बाणी को रोल कर रख दिया। उन्होंने कहा कि हम श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को अपना आप समझते हैं। इसी क्षेत्रीय पार्टी ने बेअदबी करने वालों को कोई सजा नहीं दी, सिर्फ माफियां दी गई। इसे भूला नहीं जा सकता। पूर्व सरकारों की ओर से जानबूझकर बेअदबी के खिलाफ कानून नहीं बनाया गया।

इनको पता था कि यह खुद उसी कानून के दायरे में आ जाएंगे। इसी कारण इन लोगों ने कानून को कमजोर रखा। उन्होंने कहा कि हम वो लोग हैं जो गाड़ी में बैठे भी निशान साहिब को देखकर हाथ जोड़ देते हैं, लेकिन यह लोग धर्म में रहकर धर्म को खा जाते हैं।

मान ने कहा कि आप ने ऐसा कानून बनाया है, जिसमें बेअदबी करने वाले को 25 लाख रुपए जुर्माना लगाया जाएगा और उम्र कैद की सजा भी मिलेगी। बेअदबी करने वाले को एक बार सजा मिलेगी तो उसकी पीढ़ी ऐसे कृत्य करने के बारे में सोचेगी भी नहीं।

लाल बत्ती वाली गाड़ियों में जाता था चिट्टा

मान ने कहा की पूर्व सरकारों के समय में लाल बत्ती वाली गाड़ियों में चिट्टा सप्लाई किया जाता था। उन्होंने बताया कि मुझे अब पुलिस अधिकारी बता रहे हैं कि उन्हें ऑर्डर दिया जाता था कि इस नंबर की गाड़ी को पूरे पंजाब में किसी नाके पर ना रोका जाए। चिट्टे को युवाओं के लिए जरूरी सामान बताकर यह सप्लाई की जाती थी।

सड़कों का नींव पत्थर रखा

बता दें कि, सीएम ने नगर निगम बटाला के अधीन 95.72 करोड़ रुपए की लागत के विकास कार्यों का भी शुभारंभ किया। इसके अलावा, उन्होंने पंजाब मंडी बोर्ड के अधीन 16.10 करोड़ रुपए की लागत के विकास कार्यों की भी शुरुआत की। वहीं लोक निर्माण विभाग के अधीन 65.09 करोड़ रुपए की राशि से बनने वाली सड़कों का नींव पत्थर रखा।

रणजीत बावा ने पेश किया रंगारंग कार्यक्रम

मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया और कैबिनेट मंत्री लाल चंद पहुंचे। वहीं, पंजाबी गायक रणजीत बावा ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किया।

Share This Article
Leave a comment