जालंधर/सोनू छाबड़ा
पुलिस कमिश्नरेट जालंधर के डिवीजन नंबर-2 की टीम ने मोहल्ला हरनामदासपुरा स्थित राजधन फॉरेक्स एंड ट्रैवलर शॉप में हुई नकदी लूट की वारदात को सुलझाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। इस संबंध में पुलिस कमिश्नर श्रीमती धनप्रीत कौर ने जानकारी देते हुए बताया कि डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों, एसीपी सेंट्रल अजय सिंह, इंस्पेक्टर जसविंदर सिंह (चीफ ऑफिसर, डिवीजन नंबर-2) और इंस्पेक्टर सुरिंदर सिंह (इंचार्ज सीआईए स्टाफ) की अगुवाई में अलग-अलग टीमों का गठन कर त्वरित कार्रवाई की गई, जिसके चलते 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार 15 अप्रैल 2026 को करीब 3:30 बजे राजधन फॉरेक्स शॉप पर काम कर रही राधा पत्नी गणेश थापा निवासी गोपाल नगर, जालंधर के पास दो युवक आए, जिनमें से एक ने दिल्ली से शारजाह की टिकट और यूएस डॉलर के रेट के बारे में पूछताछ की, जबकि दूसरे ने मौके का फायदा उठाकर महिला का मुंह बंद कर बैग में रखी करीब 1 लाख 9 हजार रुपये की नकदी लूट ली और फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान 16 अप्रैल को पुलिस ने गुरदीप सिंह निवासी बस्ती नौ और अमृतपाल सिंह निवासी मिठू बस्ती को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा और लूटी गई नकदी का कुछ हिस्सा भी बरामद किया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने एक अन्य साथी के शामिल होने का खुलासा किया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और उनसे अन्य वारदातों के संबंध में भी गहन पूछताछ की जाएगी।
