अखंड केसरी ब्यूरो :- अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो आज से भारत की अपनी चार दिवसीय यात्रा की शुरुआत कर रहे हैं, जो देश के लिए उनका पहला आधिकारिक दौरा है. अपनी इस यात्रा के पहले चरण में वे कोलकाता पहुंचेंगे, जहां वे मदर टेरेसा की समाधि पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और ऐतिहासिक विक्टोरिया मेमोरियल का भी दीदार कर सकते हैं. इसके बाद, वे नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे जहां वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। अपनी इस यात्रा के दूसरे दिन, अमेरिकी विदेश मंत्री अपने भारतीय समकक्ष, विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और अमेरिकी दूतावास द्वारा आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में भी हिस्सा लेंगे। सोमवार को उनका आगरा और जयपुर का दौरा करने का कार्यक्रम है, जिसके बाद वे वापस नई दिल्ली लौटकर मंगलवार को भारत की मेजबानी में होने वाली ‘क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक’ (Quad Foreign Ministers’ Meeting) में शामिल होंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में डॉ. जयशंकर के निमंत्रण पर ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग और जापानी विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी भी हिस्सा ले रहे हैं। भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह बैठक एक स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत (Indo-Pacific) क्षेत्र के क्वाड के साझा दृष्टिकोण के अनुरूप होगी, जिसमें चल रही पहलों की प्रगति की समीक्षा करने के साथ-साथ आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर गहन चर्चा की जाएगी। भारत रवाना होने से पहले मियामी में मीडिया से बात करते हुए मार्को रुबियो ने भारत को एक महान सहयोगी और भागीदार बताया और कहा कि दोनों देशों के पास मिलकर काम करने के लिए कई महत्वपूर्ण विषय मौजूद हैं।
