जालंधर- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने वीरवार को जालंधर के गांव सींचेवाल में संत बाबा अवतार सिंह जी की 38वीं सालाना बरसी समागम के दौरान नतमस्तक होकर पंजाब की तरक्की और खुशहाली का एक नया रोडमैप पेश किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह सींचेवाल की मौजूदगी में ‘संत अवतार सिंह मेमोरियल हॉकी स्टेडियम’ में नवनिर्मित अत्याधुनिक एस्ट्रोटर्फ (Astroturf) का उद्घाटन कर राज्य के खेल बुनियादी ढांचे को एक बड़ी मजबूती दी। एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम मान ने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार की उपलब्धियों का ब्योरा दिया और कहा कि सरकार ने नहरों के जरिए खेतों तक 21,000 क्यूसेक पानी पहुंचाया है, जो दो भाखड़ा नहरों के बराबर है। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के अथक प्रयासों से राज्य में 21 लाख क्यूबिक मीटर भूजल (Groundwater) को रिचार्ज किया गया है, जिससे कई इलाकों में पानी का स्तर 2 से 4 मीटर तक ऊपर आ गया है। मुख्यमंत्री ने गर्व से कहा कि आज पंजाब में विश्वस्तरीय सरकारी स्कूल, अस्पताल और शानदार सड़कें बन रही हैं, जिससे अब सही मायनों में ‘रंगला पंजाब’ के रंग धरातल पर दिखने लगे हैं।
धार्मिक और सामाजिक ताने-बाने को मजबूत करने की अपील करते हुए सीएम भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब की उपजाऊ धरती पर नफरत के सिवाय सब कुछ उग सकता है, इसलिए राज्य की शांति और आपसी भाईचारे को तोड़ने की कोशिश करने वाली विभाजनकारी ताकतों को जनता एकजुट होकर करारा जवाब दे। पर्यावरण के प्रति गुरु साहिबान की शिक्षाओं ‘पवनु गुरू पाणी पिता, माता धरति महतु’ का जिक्र करते हुए उन्होंने संत बलबीर सिंह सींचेवाल द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए महान कार्यों और ‘सींचेवाल मॉडल’ की जमकर सराहना की। मुख्यमंत्री ने बेअदबी के मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए जानकारी दी कि सरकार ने कानून की कमियों को दूर कर ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन अधिनियम 2026’ लागू किया है, जिसके तहत बेअदबी के दोषियों को 10 साल से लेकर उम्रकैद तक की सख्त सजा और 50 लाख रुपये के जुर्माने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि ‘मावां धीयूं सत्कार योजना’ के तहत महिलाओं को वित्तीय स्वायत्तता देने के लिए हर महीने 1,000 रुपये (एससी वर्ग के लिए 1,500 रुपये) दिए जा रहे हैं, जिसके लिए बजट में 9,300 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। साथ ही, ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के तहत पंजाब के 65 लाख परिवारों को 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज के लिए हेल्थ कार्ड जारी किए जा रहे हैं। सीएम मान ने अंत में स्थानीय जन प्रतिनिधियों की मांग पर गांव में नई सड़कों और अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी मैदानों को विकसित करने का भरोसा दिया और संत बाबा अवतार सिंह जी की समाज के प्रति दी गई महान सेवाओं को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
