जालंधर को मिला नया पुलिस कमिश्नर, पंजाब में 11 IPS अधिकारियों के बड़े तबादले

चंडीगढ़/जालंधर: पंजाब सरकार ने सोमवार को पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 11 आईपीएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। इस प्रशासनिक बदलाव के तहत जालंधर समेत कई महत्वपूर्ण जिलों और विभागों में नए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सबसे अहम बदलाव जालंधर में किया गया है, जहां पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर का तबादला कर उन्हें फिल्लौर स्थित महाराजा रणजीत सिंह पंजाब पुलिस अकादमी (पीपीए) का डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। उनकी जगह सतिंदर सिंह को जालंधर का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। सतिंदर सिंह इससे पहले लुधियाना रेंज में डीआईजी के पद पर तैनात थे।

सरकार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अनीता पुंज को स्पेशल डीजीपी (एचआरडी एंड वेलफेयर), पंजाब नियुक्त किया गया है। वहीं संदीप गोयल को लुधियाना रेंज का नया डीआईजी बनाया गया है। पंजाब सरकार का यह प्रशासनिक फेरबदल पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा विभिन्न विभागों में कार्यकुशलता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया माना जा रहा है। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपनी नई जिम्मेदारियां संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

यह आदेश पंजाब के अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक शेखर की ओर से जारी किए गए हैं। पुलिस विभाग में हुए इस बड़े बदलाव को राज्य सरकार की प्रशासनिक रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

Share This Article
Leave a comment