जालंधर– जालंधर के जिला प्रशासकीय और जुडिशियल कॉम्प्लेक्स को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सूचना मिलने के बाद पुलिस के डॉग स्क्वायड और एंटी साबोटाज विंग की अलग-अलग टीमों ने तलाशी अभियान चलाया। पुलिस जिला कोर्ट काम्पलेक्स को चेक कर रही है।
मेटल डिटेक्टर लगे होने के बावजूद पुलिस खुद पहले तलाशी ले रही है। उसके बाद ही कोर्ट कॉम्पलेक्स के अंदर दाखिल होने दिया जा रहा है। अभी तक पुलिस को ऐसी कोई चीज संदिग्ध चीज नहीं मिली है।

पार्किंग में सभी वाहनों के सामान की चेकिंग
पार्किंग में ड्यूटी करने वाले कुलवंत सिंह ने बताया कि पुलिस ने पार्किंग में सभी वाहनों के सामान की चेकिंग की, लेकिन कुछ नहीं मिला।
ASI बोले- कुछ लोग परेशान करते हैं
एएसआई इंद्रजीत सिंह ने बताया कि कुछ लोग परेशान करने वाला काम करते हैं। ये लोग बम की अफवाहें फैलाते हैं। धमकी देने वाले कब क्या कर दें, इसका कुछ पता नहीं होता। पुलिस अधिकारी यहां पहुंचे थे और अकेले-अकेले सामान की चेकिंग की है। धमकी किसने दी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है।
वकील बोले- स्कूलों के बाद अब कोर्ट को धमकी
एडवोकेट करन कुमार भगत ने बताया कि बहुत ही बुरी बात है कि अब स्कूलों के बाद कोर्ट को भी धमकी मिलनी शुरू हो गई है। साइबर क्राइम को मेल की जांच करनी चाहिए। आजकल एआई का जमाना है। थ्रेट मेल का आईपी एड्रेस पता करना चाहिए। अभी तक थ्रेट मेल के मामले में लोग पकड़े नहीं जा सके हैं।
कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, रुटीन की तरह काम चल रहा
घटना स्थल से पुलिस को कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है। हालांकि पुलिस द्वारा इमारत को खाली नहीं करवाया गया और ना ही आने-जाने वाले लोगों को इमारत से बाहर निकाला गया। इमारत में रूटीन की तरह काम चल रहा है।
कोर्ट में आने जाने वालों की हो रही तलाशी
वहीं प्रशासन लगातार जांच में जुटी हुई है और कोर्ट में आने-जाने वाले लोगों की तालाशी ली जा रही है। वहीं एएसआई परमजीत सिंह का कहना है कि कोर्ट में पहले से सिक्योरिटी तैनात की गई है। इस दौरान बम से उड़ाने की धमकी पर कहाकि मामले उनके ध्यान में नहीं है।
