पंजाब में AGTF की बड़ी कार्रवाई: बठिंडा से जेल में बंद गैंगस्टर के दो गुर्गे गिरफ्तार, अवैध हथियार और कारतूस बरामद**

अखंड केसरी ब्यूरो :- पंजाब में संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत एंटी-गੈਂਗਸਟਰ टास्क फोर्स (AGTF) को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एजीटीएफ ने बठिंडा इलाके से दो शातिर आरोपियों को धर-दबोचा है। पुलिस ने पकड़े गए इन आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए हैं, जिसमें .32 बोर की दो देसी पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस शामिल हैं।

पुलिस द्वारा की गई शुरुआती पूछताछ और मुरुआती जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी फिरोजपुर क्षेत्र में सक्रिय एक खतरनाक और वर्तमान में जेल में बंद गैंगस्टर द्वारा संचालित किए जा रहे आपराधिक नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। वे जेल से ही मिल रहे दिशा-निर्देशों के आधार पर वारदातों को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पकड़े गए दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वे पहले से ही हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) तथा आर्म्स एक्ट (असला एक्ट) सहित कई अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं।

इस बड़ी कामयाबी के बाद, पुलिस प्रशासन ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बठिंडा के थाना सिविल लाइंस में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि इन आरोपियों को हथियारों की यह खेप कहाँ से सप्लाई की गई थी और वे इसके जरिए किस बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले थे। एजीटीएफ इस आपराधिक सिंडिकेट के ‘बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज’ (पिछले और अगले संबंधों) को खंगाल रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य साथियों की पहचान कर उन्हें भी सलाखों के पीछे भेजा जा सके। पंजाब पुलिस ने साफ किया है कि राज्य में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए वे हर तरह के संगठित अपराध को जड़ से मिटाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

Share This Article
Leave a comment