जालंधर ब्यूरो** पंजाब पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों और लूटपाट करने वाले अपराधियों के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत जालंधर पुलिस कमिश्नरेट को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। ADCP-1 श्रीमती आकर्षी जैन (IPS), और ACP नॉर्थ श्री अशोक मीना (IPS) के दिशा-निर्देशों के अनुसार, थाना डिवीजन नंबर 1 की पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता प्रिया देवी पत्नी सुखदेव कुमार (निवासी दादा मल दरबार, जालंधर) ने पुलिस को बताया था कि 17 मई 2026 को शाम करीब 4:00 बजे जब वह अपने बच्चे के साथ काम से घर लौट रही थी, तभी वन विभाग कार्यालय मक्सूदा के पास एक बिना नंबर वाली काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवकों ने रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने अपने मुंह कपड़े से ढांप रखे थे और उन्होंने दातर (तेजधार हथियार) के बल पर महिला से उसका मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की, लेकिन लोगों को इकट्ठा होते देख वे मौके से फरार हो गए। इस शिकायत पर थाना डिवीजन नंबर 01 में मुकदमा नंबर 152 (दिनांक 18.05.2026) के तहत BNS की धारा 304(2), 62, 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
थाना प्रभारी (SI/SHO) राकेश कुमार के नेतृत्व में और SI वरिंदर सिंह की निगरानी में पुलिस टीम ने मामले की गहन तफ्तीश शुरू की। वारदात के स्थान के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को खंगालने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। इसके बाद, 11 जून 2026 को पुलिस ने जालंधर के ग्राम तलवंडी कूका से मुख्य आरोपी रविंदरपाल सिंह उर्फ रवि (पुत्र स्वर्गीय सुरजीत सिंह, निवासी ग्राम तलवंडी कूका, थाना बेगोवाल, जिला कपूरथला) को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (नंबर PB 09-AE-2203) भी बरामद कर ली है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी रविंदरपाल सिंह के खिलाफ पहले भी थाना बेगोवाल (कपूरथला) में लूटपाट का मामला दर्ज है। पुलिस फिलहाल आरोपी का रिमांड हासिल कर उसके दूसरे फरार साथी की तलाश कर रही है और उससे सख्ती से पूछताछ की जा रही है ताकि अन्य वारदातों का भी खुलासा किया जा सके।
