‘यह खैरात नहीं, जनता का अपना पैसा है’; जालंधर के सरिह गांव में लोक मिलनी में CM मान बोले- एक-एक पैसे का दे रहे हिसाब

- Advertisement -
Punjab Government
जालंधर– पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान जालंधर के सरिह गांव में आयोजित ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम में पहुंचे। यहां उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं, मुख्य रूप से महिलाओं को दी जा रही आर्थिक सहायता, का हिसाब जनता के सामने रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की जनता ने अपना फैसला पहले ही बना लिया है और सरकार लगातार आम लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए काम कर रही है।

कार्यक्रम में पहुंची भारी भीड़ का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों का यह उत्साह साफ बताता है कि पंजाब की जनता का विश्वास वर्तमान सरकार के साथ है। उन्होंने कहा कि आम जनता अपने व्यस्त कामकाज को छोड़कर यहां पहुंची है, जो इस बात का सबूत है कि लोग सरकार के काम से खुश हैं।

माताएं और बहनें वीडियो भेजकर खुशी जाहिर करती

भगवंत मान ने महिलाओं के खातों में भेजी जा रही आर्थिक सहायता का जिक्र करते हुए कई भावुक किस्से साझा किए। उन्होंने बताया कि रोज माताएं और बहनें उन्हें वीडियो भेजकर अपनी खुशी जाहिर करती हैं। कोई महिला कहती है कि इन पैसों से उसने दुकान का पुराना उधार चुका दिया, तो किसी ने घर में पानी साफ करने के लिए RO लगवा लिया। कुछ बुजुर्ग माताओं ने अपने पोते-पोतियों के लिए साइकिल खरीद कर दी है। एक तारीख को फिर टुं-टुं होगी

मुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि महीने की 28 तारीख हो चुकी है और अब 1 तारीख को खातों में पैसे आने का मैसेज (टुं-टुं की आवाज) आने वाला है। उन्होंने कहा कि 1500 रुपये से कोई अमीर नहीं हो जाता, लेकिन यह पैसा आम परिवारों को आर्थिक सहारा देता है और उन्हें स्वाभिमानी बनाता है।

उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि इस योजना से केवल महिलाएं ही नहीं, बल्कि घर के पुरुष भी बहुत खुश हैं। पहले पतियों को बार-बार पैसे देने के लिए कहा जाता था, लेकिन अब माताओं-बहनों के अपने खातों में पैसे आने से घरों में शांति और खुशी का माहौल है।

जनता के टैक्स के पैसे

टैक्स के पैसे का हिसाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कोई सरकारी खैरात नहीं बल्कि जनता का अपना ही पैसा है। जब एक आम इंसान सुबह उठकर चाय बनाने के लिए माचिस की तीली भी जलाता है, तब से ही उसका टैक्स देना शुरू हो जाता है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने जनता के इस पैसे को लूटा, लेकिन वर्तमान सरकार जनता का एक-एक पैसा वापस उन्हीं की भलाई में लगा रही है।

Share This Article
Leave a comment