गुरदासपुर– गुरदासपुर के कस्बा डेरा बाबा नानक की दाना मंडी इलाके में बुधवार को 3 संदिग्ध बदमाशों ने पीछा कर रही पुलिस टीम पर अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए डीएसपी जोगा सिंह की अध्यक्षता में तुरंत दाना मंडी की घेराबंदी की और स्थानीय लोगों की मदद से दो बदमाशों को काबू कर लिया, जबकि उनका एक साथी मौके से भागने में कामयाब रहा।
पुलिस के मुताबिक संदेहास्पद तरीके से एक बाइक पर 3 नकाबपोश लोग घूम रहे थे। पुलिस ने संदिग्ध मानकर उनका पीछा किया तो आरोपियों ने दाना मंडी में पहुंच फायरिंग कर दी। हालांकि, इस गोलीबारी में किसी पुलिस कर्मचारी या अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।


पुलिस टीम को देखते ही मंडी में घुसे और की फायरिंग
डीएसपी जोगा सिंह ने बताया कि थाना डेरा बाबा नानक के एसएचओ अशोक कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि तीन संदिग्ध नौजवान मुंह बांधकर मोटरसाइकिल पर इलाके में घूम रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उनका पीछा करना शुरू किया। पुलिस की गाड़ी को देखकर तीनों आरोपी दाना मंडी की तरफ भाग निकले। जब पुलिस जवानों ने मंडी के भीतर उन्हें घेरकर पकड़ने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी मुस्तैदी दिखाते हुए जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की।
इसी दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय साहसी युवकों ने पुलिस का साथ दिया और पुलिस व आम जनता की संयुक्त मदद से दो बदमाशों को मौके पर ही दबोच लिया गया।

झाड़ियों में छिपे तीसरे आरोपी की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी
डीएसपी जोगा सिंह ने बताया कि वारदात के बाद तीसरा आरोपी दाना मंडी के भीतर घनी झाड़ियों और पेड़-पौधों का फायदा उठाकर छिप गया। पुलिस बल द्वारा पूरी दाना मंडी की घेराबंदी कर बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है ताकि तीसरे आरोपी को भी जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
बीती रात की वारदात से तार जुड़ने की आशंका, जांच जारी
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि पकड़े गए आरोपी बीती रात इलाके में हुई किसी आपराधिक घटना में भी शामिल थे। हालांकि, इस पर डीएसपी जोगा सिंह ने कहा कि फिलहाल मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे नेटवर्क और वारदात का खुलासा किया जाएगा।

