सुजानपुर में महिलाओं को रोजगार की सौगात: 18 वर्करों को नियुक्ति पत्र, 50 और को मिलेगा अवसर

पठानकोट आम आदमी पार्टी के सुजानपुर हलका इंचार्ज स्वर्ण सलारिया ने धार ब्लॉक और सुजानपुर हलके की 18 आंगनवाड़ी वर्करों को नियुक्ति पत्र सौंपे हैं। ये नियुक्तियां पूरी तरह से मेरिट और पारदर्शी प्रक्रिया के आधार पर की गई हैं। उन्होंने बताया कि 50 अन्य महिलाओं को 2 हफ्ते बाद यह पत्र दिए जाएंगे।

इस अवसर पर सलारिया ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और पूरी लीडरशिप का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह पहली सरकार है जो अपने 100 प्रतिशत वादे पूरे कर रही है। उन्होंने नवनियुक्त वर्करों को बधाई देते हुए उनसे पूरी लगन से काम कर सरकार और परिवार का नाम रोशन करने की अपील की।

इसके साथ ही, सलारिया ने महिलाओं को मिलने वाली 1000 रुपये की सम्मान राशि पर हाईकोर्ट की कथित रोक की खबरों का सख्ती से खंडन किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधूरी जानकारी के कारण भ्रम फैल रहा है, क्योंकि कोर्ट ने केवल किसी अन्य सरकारी खाते से पैसा डायवर्ट न करने का आदेश दिया है, योजना पर कोई रोक नहीं लगाई गई है। इसी योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए उन्होंने एक बड़ी घोषणा की।

1 अगस्त को भगवंत मान आ रहे पठानकोट

उन्होंने बताया कि आगामी 1 अगस्त को मुख्यमंत्री भगवंत मान खुद पठानकोट के वाइट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में शिरकत कर रहे हैं। वहां वह एक विशाल कार्यक्रम में धार ब्लॉक, सुजानपुर, भोआ, पठानकोट और मुकेरियां से आने वाली करीब 25,000 लाभार्थी माताओं-बहनों की मौजूदगी में मंच से बटन दबाकर सीधे उनके बैंक खातों में ‘माई भागो’ (या सम्मान) योजना की राशि ट्रांसफर करेंगे।

Share This Article
Leave a comment