शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे नशा तस्करों के संपर्क में थे और उनके कहने पर पंजाब में हेरोइन की खेप मंगवाने और आगे सप्लाई करने का काम करते थे।
विदेश में बैठे तस्करों से कनेक्शन की जांच
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने अपने एक्स हैंडल पर इस कार्रवाई की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में रहकर काम कर रहे थे।पुलिस के मुताबिक इनका काम हेरोइन की खेप हासिल करना और उसे पंजाब में आगे अलग-अलग जगहों पर सप्लाई करना था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किन लोगों के संपर्क में थे और उनके जरिए नशे की खेप कहां-कहां पहुंचाई जानी थी।
एसएसओसी थाने में एफआईआर दर्ज
इस मामले में अमृतसर के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल यानी एसएसओसी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान नशा तस्करी से जुड़े आगे और पीछे के संपर्कों का पता लगाया जाएगा। इसके साथ ही नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और सीमा पार से चल रहे तस्करी के पूरे नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में भी जांच की जा रही है।

