इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य व्यक्ति वोटर लिस्ट में अपना नाम दर्ज करवाने से वंचित न रहे। अभियान के अंतर्गत 25 अक्टूबर को सुबह 10 से शाम 4 बजे तक लगने वाले इन कैंपों के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अंतिम मतदाता सूची सहित हाजिर रहेंगे और लोगों को अपने नाम की जांच करने में सहायता करेंगे।
साथ ही, मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने से रह गए योग्य व्यक्तियों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को नाम दर्ज करवाने के लिए आवश्यक सहायता प्रदान करेंगे। योग्यता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार आवश्यक दस्तावेजों सहित फॉर्म नंबर 6, 6ए और 8 भरने तथा जमा करवाने में भी सहयोग किया जाएगा।
स्कूल-कॉलेज में भी लगेंगे कैंप, हेल्प डेस्क बनेंगे
डीसी वालिया ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिला चुनाव अधिकारी और निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी के दफ्तरों में हेल्प डेस्क बनाए जा रहे हैं, जहां वोटर अंतिम मतदाता सूची में अपने नाम की जांच और पुष्टि कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि 31 अक्तूबर 2026 तक लगातार वृद्धाश्रमों और कुष्ठ आश्रमों में रह रहे व्यक्तियों के मतदाता के तौर पर रजिस्ट्रेशन के लिए कैंप लगाए जाएंगे। इसके साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में युवा मतदाताओं के रजिस्ट्रेशन के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

