जालंधर में सीआईए स्टाफ की बड़ी सफलता: 1 किलो 100 ग्राम हेरोइन के साथ दो नशा तस्कर गिरफ्तार

अखंड केसरी ब्यूरो :- जालंधर पुलिस कमिश्नरेट के सीआईए स्टाफ ने पंजाब सरकार के “युद्ध नशियां विरुद्ध” अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो नशा तस्करों को 1 किलोग्राम 100 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह (IPS) के दिशा-निर्देशों, डीसीपी (इन्वेस्टिगेशन) मनप्रीत सिंह ढिल्लों (PPS), एडीसीपी (इन्वेस्टिगेशन) जयंत पुरी (IPS) और एसीपी (डिटेक्टिव) अमरबीर सिंह (PPS) की देखरेख में सीआईए स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर सुरिंदर कुमार के नेतृत्व में की गई।

घटना 1 अगस्त 2026 की है, जब महक रेस्टोरेंट, टी-पॉइंट, जमशेर रोड के पास गश्त और संदिग्धों की चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने ढीणा गांव की तरफ से आ रहे दो युवकों को देखा। पुलिस टीम को देखकर दोनों घबरा गए और पीछे मुड़कर तेजी से भागने लगे। शक होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान आकाशदीप सिंह उर्फ एकम (निवासी बीस, अमृतसर) और पवित्र सिंह उर्फ लड्डी (निवासी गांव दादूवाल, जालंधर) के रूप में हुई। नियमानुसार की गई तलाशी के दौरान उनके बैगों से 1 किलो 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसके बाद थाना सदर जालंधर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(c)-61-85 के तहत एफआईआर संख्या 290 दर्ज की गई। मुख्य आरोपी आकाशदीप सिंह पर पहले से भी एनडीपीएस और बीएनएसएस के तहत मामले दर्ज हैं। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं और पुलिस उनके फॉरवर्ड व बैकवर्ड संपर्कों का पता लगाने के लिए गहन पूछताछ कर रही है।

Share This Article
Leave a comment