80वां स्वतंत्रता दिवस: जालंधर में देशभक्ति के रंग में रंगे सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां, पुलिस डी.ए.वी. का भांगड़ा रहा अव्वल

जालंधर:(विजयपाल सिंह):- 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्थानीय गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में भव्य जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। इस गौरवमयी कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। समारोह के दौरान विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति की भावना से लबरेज रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर पुलिस डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल के छात्रों द्वारा प्रस्तुत ऊर्जावान भांगड़े को ‘सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति’ घोषित किया गया।

समारोह में रेड क्रॉस दिव्यांग स्कूल के बच्चों ने ‘पंज पाणियां दी धरती दे जाए होए हां’, दयानंद मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने ‘देश से है प्यार तो हर पल कहना चाहिए’ और मानव सहयोग सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने ‘वंदे मातरम’ गीत पर भावुक और शानदार कोरियोग्राफी पेश की। इसके अलावा एस.डी. कॉलेज की छात्राओं ने मनमोहक राजस्थानी नृत्य, जबकि दोआबा कॉलेज और सेठ हुकम चंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। आयोजन में 16 विभिन्न स्कूलों के लगभग 1100 विद्यार्थियों द्वारा किया गया ‘मास पी.टी. शो’ विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम का गरिमामय समापन सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, आदर्श नगर की छात्राओं द्वारा गाए गए राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Share This Article
Leave a comment