शाहकोट (जालंधर): पंजाब राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन चंदन ग्रेवाल ने शाहकोट का दौरा कर प्रशासनिक अधिकारियों और सफाई कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ एक अहम बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारियों द्वारा उठाई गई विभिन्न समस्याओं व मांगों को गंभीरता से सुना और मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और उपयुक्त समाधान सुनिश्चित किया जाए।
चेयरमैन चंदन ग्रेवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार और सफाई कर्मचारी आयोग कर्मचारियों के कल्याण व उनके अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तन्मयता से काम कर रहे हैं। उन्होंने अनुबंध (ठेके) के आधार पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों के मासिक वेतन को बढ़ाकर 20,500 रुपये करने के ऐतिहासिक फैसले के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सफाई कर्मियों को स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि सरकार की सकारात्मक पहल के बाद यूनियनों द्वारा हड़ताल समाप्त कर शहरों की व्यवस्था को सुचारू बनाना अत्यंत सराहनीय कदम है। नगर निगमों, कौंसिलों और नगर पंचायतों में कार्यरत कर्मचारियों की बेहतरी के लिए भविष्य में भी हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे।
इस बैठक में आप नेता परमिंदर सिंह पंडोरी, कार्यकारी अधिकारी शाहकोट जगतार सिंह, कौंसलर प्रवीण ग्रोवर, सतीश रिहान, बूटा सिंह और हलका कोऑर्डिनेटर जतिंदर पाल बल्लां सहित कई प्रमुख गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
