जालंधर: जालंधर पुलिस कमिश्नरेट ने नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर आरोपी को हेरोइन, ड्रग मनी और अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह (IPS) के दिशा-निर्देशों, एडीसीपी सिटी-2 माधवी शर्मा (PPS) तथा एसीपी मॉडल टाउन मनमोहन सिंह (PPS) की देखरेख में थाना डिवीजन नंबर-7 के प्रभारी इंस्पेक्टर रविंदर कुमार की अगुवाई में यह कार्रवाई की गई।
17 अगस्त को एएसआई सतिंदर कुमार के नेतृत्व में पुलिस पार्टी जमशेर रोड की तरफ गश्त पर थी। इसी दौरान पैदल आ रहे एक युवक ने पुलिस टीम को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस दल ने पीछा कर उसे मौके पर ही काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 60 ग्राम हेरोइन, ₹2,500 की ड्रग मनी और एक .315 बोर का देसी पिस्तौल बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपी की पहचान राजा पुत्र मोहम्मद नुसरत, निवासी विहरा सोहल खान, सुदामा विहार (नशा छुड़ाओ केंद्र के पास, रीबर्थ, जालंधर) के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर-7 में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट और आर्म्स एक्ट की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला (FIR No. 198) दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहाँ से उसका पुलिस रिमांड हासिल किया गया। रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपी के खुलासे पर पुलिस ने आर्मी एन्क्लेव, गाँव सुभाना (जालंधर) के पास छिपाकर रखा गया एक और .32 बोर का देसी पिस्तौल तथा 3 जिंदा कारतूस भी बरामद किए। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी राजा के खिलाफ पहले से जालंधर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास (304(2)/307), चोरी, मारपीट और एनडीपीएस एक्ट के करीब आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगालने में जुटी है ताकि नशा और हथियारों की इस सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों को भी बेनकाब किया जा सके।
