भारत की सीमा में पाकिस्तानी ड्रोन की घुसपैठ, BSF ने किया नाकाम

फिरोजपुर फिरोजपुर के हुसैनीवाला बॉर्डर से सटे गांव टेंडी वाला में बीएसएफ जवानों ने पाकिस्तान से आए एक ड्रोन को हेरोइन के दो पैकेटों समेत बरामद किया है। यह कार्रवाई बुधवार दोपहर करीब दो बजे गांव टेंडी वाला में हुई। जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान की ओर से उड़ान भरने वाला ड्रोन भारतीय सीमा में गांव टेंडी वाला के ऊपर मंडरा रहा था।

तकनीकी खराबी के कारण गिरा ड्रोन 

इसी दौरान तकनीकी खराबी आने के कारण ड्रोन जमीन पर गिर गया। ड्रोन के गिरने की सूचना मिलने पर वहां तैनात बीएसएफ जवान मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि जब जवान ड्रोन को कब्जे में लेने के लिए खेतों में पहुंचे तो ड्रोन को दोबारा उड़ाने का प्रयास किया जा रहा था। जवानों ने तत्परता दिखाते हुए ड्रोन को पकड़ लिया।

पाकिस्तान से हो रहा था ऑपरेट

बीएसएफ के अनुसार, ड्रोन को पाकिस्तान की तरफ से बैठा एक तस्कर ऑपरेट कर रहा था। ड्रोन के साथ हेरोइन के दो पैकेट बरामद हुए। दोनों पैकेट में एक किलो हेरोइन थी। बरामद हेरोइन और ड्रोन को आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

Share This Article
Leave a comment