बाबा काहां दास नगर में अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद: पुलिस टीम के काम में डाली रुकावट, 4 नामजद सहित 18 पर मामला दर्ज, एक महिला अरेस्ट
जालंधर: कमिशनरेट पुलिस जालंधर ने बस्ती बावा खेल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बाबा काहां दास नगर में अवैध शराब के खिलाफ की गई छापेमारी के दौरान हुए घटनाक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। एसीपी वेस्ट, जालंधर, आतिश भाटिया (पीपीएस) ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम ने इलाके में अवैध शराब की बिक्री और भंडारण की सूचना पर त्वरित रेड की थी, जिसके दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। हालांकि, पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके पर कुछ लोग इकट्ठा हो गए और उन्होंने सरकारी काम में बाधा डालते हुए हंगामा खड़ा करने का प्रयास किया।
इस घटना पर सख्त संज्ञान लेते हुए थाना बस्ती बावा खेल में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने इस संबंध में चार आरोपियों को नामजद करने के साथ-साथ 13 से 14 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया है। वहीं, मामले में कार्रवाई करते हुए तरसेम लाल की पत्नी बेबी नामक एक महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। कमिशनरेट पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस पूरी घटना को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक और गलत तथ्य फैलाए जा रहे हैं। पुलिस ने आम जनता व मीडिया से अपील की है कि वे किसी भी असत्यापित जानकारी या अफवाह पर ध्यान न दें और कोई भी खबर प्रकाशित या साझा करने से पहले आधिकारिक पुलिस सूत्रों से तथ्यों की पुष्टि अवश्य करें।
