लोकसभा सदस्य ने दिशा कमेटी की बैठक में केंद्र सरकार की योजनाओं की समीक्षा की

जालंधर। जालंधर से लोकसभा सदस्य चरणजीत सिंह चन्नी ने आज जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की।  स्थानीय जिला प्रशासनिक परिसर में आयोजित बैठक के दौरान लोकसभा सदस्य ने एमपी लैड फंड, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, टीबी मुक्त भारत अभियान, आयुष्मान भारत, मिड-डे मील योजना, समग्र शिक्षा, सॉयल हेल्थ कार्ड तथा जल जीवन मिशन सहित केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया और जिला अधिकारियों को मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए, तभी इन योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य पूरा हो सकेगा। सांसद चन्नी ने विशेष रूप से स्वास्थ्य, शिक्षा और किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

श्री चन्नी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे हो चुके विकास कार्यों के उपयोगिता प्रमाण पत्र जल्द से जल्द जमा करवाए जाएं, ताकि एमपी लैड योजना के तहत विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त फंड जारी करवाया जा सके। उन्होंने समग्र शिक्षा अभियान के तहत विद्यार्थियों को वर्दियां और किताबें वितरित किए जाने की प्रगति की भी समीक्षा की।

लोकसभा सदस्य ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को चल रहे प्रोजेक्टों की व्यक्तिगत निगरानी करने और बेहतर विभागीय तालमेल के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी।

बैठक में विधायक परगट सिंह, हरदेव सिंह लाडी शेरोवालिया, सुखविंदर सिंह कोटली, अवतार सिंह जूनियर, डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया, पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह, नगर निगम कमिश्नर संदीप ऋषि, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) दिव्या पी., अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमनिंदर कौर, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) अमरजीत बैंस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment