जालंधर- जालंधर के आरटीओ ट्रैक पर सोमवार दोपहर करीब दो बजे सर्वर डाउन होने से पक्का ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सर्वर बंद होने के कारण ट्रैक पर पहुंचे लोगों को यह कहकर वापस भेज दिया गया कि फिलहाल ऑनलाइन सिस्टम काम नहीं कर रहा है। इसके चलते कई लोगों को बिना काम करवाए ही घर लौटना पड़ा। लोगों का कहना था कि सर्वर की समस्या के कारण उन्हें बार-बार आरटीओ ट्रैक के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। मौके पर पहुंचे कुछ लोगों ने बताया कि वे पिछले दो-तीन दिनों से लगातार ट्रैक के चक्कर लगा रहे हैं, जबकि एक व्यक्ति ने बताया कि वह पांचवीं बार यहां पहुंचा है। लोगों ने कहा कि हर बार समय और पैसे खर्च करके आने के बाद यदि सर्वर बंद होने के कारण काम नहीं होता तो उन्हें काफी परेशानी होती है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की कि सर्वर की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि लाइसेंस बनवाने के लिए आने वाले लोगों को बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।
आरटीओ कार्यालय के डाटा ऑपरेटर रजेश्वर सिंह ने बताया कि सर्वर को अपडेट किया जा रहा था, जिसके चलते सोमवार दोपहर को परेशानी आई है। उन्होंने कहा कि यह समस्या केवल जालंधर में नहीं, बल्कि पूरे पंजाब में सामने आई है। उन्होंने बताया कि समस्या को जल्द ठीक कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोमवार को जिन लोगों के लाइसेंस का काम सर्वर बंद होने के कारण नहीं हो सका, उनके नंबर नोट कर लिए गए हैं। मंगलवार को उन्हें प्राथमिकता के आधार पर बुलाकर उनका काम पूरा करवाया जाएगा।
किसी का तीसरा तो किसी का पांचवां चक्कर, लोगों ने स्थायी समाधान की मांग की
Leave a comment
Leave a comment
