धीरेंद्र शास्त्री के ‘भैया-सैंया’ बयान पर विवाद तेज: क्रिश्चियन कम्युनिटी ने लुधियाना पुलिस से की शिकायत, शाही इमाम ने बुलाई इमरजेंसी बैठक

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि वह धर्म का प्रचार कर रहे हैं।
लुधियाना– लुधियाना में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री की कथा का बुधवार (30 सितंबर) को समापन हो गया। उन्होंने ग्लाडा मैदान में दोपहर 12 से 2 बजे तक कथावाचन किया। इसके बाद कथा का विधिवत समापन किया गया। अंत में धीरेंद्र शास्त्री बागेश्वर धाम लौट गए।

दूसरी तरफ उनके खिलाफ लुधियाना पुलिस को शिकायत दी गई है। क्रिश्चियन कम्युनिटी के नेता ने उनके खिलाफ शिकायत देकर FIR करने की मांग की है। वहीं, पंजाब के शाही इमाम ने धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणियों को लेकर इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है। यह मीटिंग आज रात होगी।

पंजाब क्रिश्चियन यूनाइटेड फेडरेशन के प्रेजिडेंट अल्बर्ट दुआ ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री ने हमारे सबसे पवित्र नारे हलेलुइया का मजाक उड़ाकर बेअदबी की है। इसलिए, उनके खिलाफ पुलिस कमिश्नर को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। गौरतलब है कि दो दिन पहले कथा के दौरान कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री ने कहा था कि जब आप सनातन धर्म में पैदा हुए हो तो हली-उल्लाह वालों के पास जाने की जरूरत नहीं। जो अपने पड़ोसी को बाप कहते हैं, भैया को सैंया बना लेते हैं, वह किसी काम के नहीं होते।

बुधवार को गाड़ी में धीरेंद्र शास्त्री कथा करने के लिए पहुंचे।
बुधवार को गाड़ी में धीरेंद्र शास्त्री कथा करने के लिए पहुंचे।

विवाद के बाद क्या बोले धीरेंद्र शास्त्री, पॉइंट्स में पढ़ें…

  • सिर्फ सनातन धर्म का प्रचार कर रहे: मामले पर मंगलवार को प्रतिक्रिया देते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि वह न तो मुसलमानों के खिलाफ हैं और न ही ईसाइयों के। वह सिर्फ सनातन धर्म का प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें लाखों सनातनियों पर विश्वास है कि यदि कोई सनातन पर उंगली उठाएगा तो एक-एक सनातनी घर से बाहर आएगा।
  • हम किसी धर्म के खिलाफ न थे और न हैं: कथावाचक ने कहा- हम अपना काम कर रहे हैं और सबकी अर्जी लगाने यहां आए हैं। हम किसी धर्म के खिलाफ न थे और न हैं। हम सिर्फ धर्मांतरण के खिलाफ थे, हैं और जब तक जीवित हैं, रहेंगे। जब हम हमारे सिख भाइयों को अन्य धर्म में जाते देखते हैं तो हमारा खून खौलता है कि अपने परिवारों में क्या कमी है?
  • हम तो खुद ईसाइयों के देश में जाकर कथा करते हैं: उन्होंने कहा- हम किसी मजहब के खिलाफ नहीं हैं और न होंगे। हम तो खुद ईसाइयों के देश में जाकर कथा करते हैं। हम इंग्लैंड जाते हैं, अब यूरोप जा रहे हैं, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड भी जाते हैं। वहां की संसदों में प्रवचन करते हैं।

शाही इमाम बोले- ऐसी टिप्पणी बर्दाश्त नहीं

कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के बयानों पर पंजाब के शाही इमाम मुहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी ने कहा कि उन्होंने जिस अंदाज के साथ नफरत भरी कुछ बातें की हैं, वह किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जा सकतीं। कोई भी धर्म का प्रचारक, चाहे मैं होऊं या कोई और हो, उसकी जिम्मेदारी बनती है कि वह लोगों में आपसी भाईचारे, प्यार-मोहब्बत का संदेश दे।

उन्होंने कहा कि ये इस्लाम धर्म के बारे में नापाक इशारे करते हैं। स्टेज से यहां तक कहा कि ‘भैया को सैंया बना लेते हैं’। यह एक ऐसी नापाक टिप्पणी है, जिसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता और इस्लाम के अंदर इसकी कोई गुंजाइश नहीं है।

Share This Article
Leave a comment