खन्ना SSP ने छात्राओं संग खाया खाना, हॉस्टल का लिया जायजा: चितकारा-LPU घटनाओं के बाद पुलिस अलर्ट

खन्ना में छात्राओं के साथ लंच करतीं एसएसपी दर्पण आहलूवालिया।
खन्ना/लुधियाना- खन्ना में SSP डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने गुलजार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस का बुधवार को दौरा कर छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने हॉस्टल का निरीक्षण करने के साथ छात्राओं के साथ मैस में खाना खाया और उनकी समस्याओं पर सीधे संवाद किया। उनके साथ एसपी (स्पेशल ब्रांच) हरपिंदर कौर गिल भी मौजूद रहीं।

यह दौरा पंजाब के चितकारा और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में हाल में सामने आई घटनाओं के बाद शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया। एसएसपी ने हॉस्टल परिसर में सुरक्षा इंतजामों, विद्यार्थियों की सुविधाओं और रोजमर्रा की चुनौतियों के बारे में जानकारी ली।

अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश

संवाद कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सुरक्षा से जुड़े मुद्दों के अलावा हॉस्टल की व्यवस्था और संस्थान में उपलब्ध सुविधाओं को लेकर भी अपनी बातें रखीं। एसएसपी ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करेगी पुलिस

एसएसपी ने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी तरह की परेशानी, असुरक्षा या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर वे बिना झिझक पुलिस को सूचित करें। पुलिस शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करेगी और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संस्थान प्रबंधन के साथ समन्वय बनाए रखेगी।

खाना खाते समय छात्राओं से संवाद करतीं एसएसपी खन्ना।
खाना खाते समय छात्राओं से संवाद करतीं एसएसपी खन्ना।

विद्यार्थियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता

एसएसपी डॉ. आहलूवालिया ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि पुलिस उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा उपलब्ध रहेगी। साथ ही, संस्थान में सुरक्षित और भरोसेमंद माहौल बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी और संवाद जारी रखने पर जोर दिया।

Share This Article
Leave a comment