पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी के विदेश में बैठे हथियार तस्करों से संबंध हैं। आरोपी अवैध हथियारों की खरीद और सप्लाई करने वाले नेटवर्क से जुड़ा है।
अमृतसर ग्रामीण पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ अहम सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी तक ये हथियार और विस्फोटक सामग्री किस माध्यम से पहुंची और इस पूरे नेटवर्क में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
घरिंडा थाने में एफआईआर दर्ज
मामले में थाना घरिंडा, अमृतसर में आर्म्स एक्ट और एक्सप्लोसिव सब्सटेंस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और जांच के दौरान हथियारों की सप्लाई से जुड़े पीछे और आगे के नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि बरामद एके-47, कारतूस और हैंड ग्रेनेड आरोपी तक कहां से पहुंचे। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन हथियारों को आगे किसी व्यक्ति या आपराधिक नेटवर्क तक पहुंचाया जाना था या नहीं।
अपराधियों के खिलाफ रहेगी कार्रवाई जारी: पुलिस
अमृतसर ग्रामीण पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों की तस्करी, संगठित आपराधिक नेटवर्क और हथियारों की अवैध सप्लाई में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

