अखंड केसरी ब्यूरो :- त्योहारी सीजन के मद्देनजर मिलावटखोरों के खिलाफ छेड़े गए विशेष अभियान के तहत जालंधर में पुलिस और सेहत विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जंडू सिंघा रोड पर नाकेबंदी के दौरान सीआईए स्टाफ की टीम ने संदिग्ध परिस्थितियों में आ रही एक गाड़ी को रोककर उसकी गहन तलाशी ली, जिसमें से भारी मात्रा में मिलावट की आशंका वाला करीब 250 किलो देसी घी और 35 टीन रिफाइंड बरामद किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत सेहत विभाग को सूचित किया गया, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने खाद्य पदार्थों के आवश्यक सैंपल लेकर जांच के लिए सरकारी लैब में भेज दिए हैं। पुलिस पूछताछ में इस बात का खुलासा हुआ है कि इस अवैध धंधे का मुख्य आरोपी मुकेश कुमार (निवासी बुर्ज ढिलवां, मानसा) है, जिसे पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले लिया है। गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी मामले से जुड़े कथित ड्राइवर को नकली देसी घी के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है। अब पुलिस और सेहत विभाग के अधिकारी लैब से आने वाली जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बरामद खाद्य पदार्थ मानव स्वास्थ्य के लिए कितने हानिकारक थे। रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि त्योहारी सीजन में आम जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों पर लगाम लगाई जा सके।

