अखंड केसरी ब्यूरो :- जालंधर के प्रताप बाग स्थित श्री चैतन्य महाप्रभु श्री राधा माधव मंदिर में पावन कार्तिक मास के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले धार्मिक अनुष्ठानों को लेकर प्रबंधकों की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रधान अमित चड्ढा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए श्रद्धालुओं को बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया गया। मंदिर के महासचिव राजेश शर्मा ने बताया कि 22 अक्टूबर को पाशांकुशा एकादशी के शुभ अवसर से प्रभात फेरियों की शुरुआत होगी, जो 20 नवंबर को देवोत्थान एकादशी और अखिल भारतीय श्री चैतन्य गौड़ीय मठ के संस्थापक, नित्यलीला प्रविष्ट ॐ विष्णुपाद 108 श्री श्रीमद् भक्ति दयित माधव गोस्वामी महाराज जी की प्रकट तिथि तक शहर के विभिन्न इलाकों में निकाली जाएंगी। आम दिनों में प्रभात फेरी सुबह 6 से 7 बजे तक और रविवार को सुबह 7:30 बजे तक निकाली जाएगी, जिसमें श्रद्धालु हाथों में ध्वज-पताकाएं थामे हरि बोल के जयकारों के साथ शामिल होंगे। मंदिर में रोजाना सुबह 4 बजे मंगलाचरण, 4:45 बजे मंगल आरती, शाम 6:15 बजे संध्या आरती और रात 7:30 से 9:30 बजे तक हरिनाम संकीर्तन व गजेंद्र मोक्ष पाठ का आयोजन रहेगा। प्रभात फेरी में पालकी सेवा निशु गुप्ता, प्रेम चोपड़ा, संजीव खन्ना व मुनीश वर्मा संभालेंगे, जबकि शंखनाद सेवा गुरवरिंदर गिल्होत्रा व दिनेश शर्मा निभाएंगे। इसके साथ ही मंदिर के मुख्य द्वार पर कपिल शर्मा की देखरेख में विशेष दीपदान की व्यवस्था भी की जा रही है। बैठक में नरेंद्र गुप्ता, अजीत तलवाड़, राममिलन पांडे, राजेंद्र लूथरा, अजय अग्रवाल, मिंटू कश्यप, हेमंत थापर, राजन गुप्ता, अजय अरोड़ा, विशाल भल्ला, सतीश अग्रवाल, घनश्याम राय, संजय पांडे, ललित कृष्ण गुप्ता और ललित अग्रवाल सहित कई प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।

