मोगा– पंजाब की मोगा विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी (AAP) की महिला विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के घर बुधवार सुबह ED ने रेड की है। दिल्ली और चंडीगढ़ से ED की टीमें जांच के लिए पहुंची हैं।
टीम उनके मोगा स्थित घर और मोगा-लुधियाना रोड पर आइकन फ्लैटों की तलाशी ले रही है। इस कार्रवाई के दौरान CRPF ने घेरा डाल रखा है। पंजाब पुलिस को भी उससे बाहर ही रोक दिया गया है। वहीं घर-फ्लैट के बाद टीमें लुधियाना में उनके ननिहाल पहुंची। डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा को 3 दिन पहले ही AAP ने 2027 के पंजाब चुनाव के लिए दोबारा टिकट दी थी। अमनदीप पंजाब में AAP की महिला विंग की प्रधान भी हैं।

वहीं अमनदीप पर रेड का पता चलते ही उनके समर्थक भड़क गए। उन्होंने विधायक के घर के बाहर इकट्ठा होकर ED के खिलाफ घर के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। हालांकि अभी ईडी रेड की वजह सामने नहीं आई है। मोगा के सीनियर डिप्टी मेयर काला बजाज और शहरी प्रधान प्रेम चंद चक्कीवाला ने आरोप लगाया कि विधायक पर भाजपा में शामिल होने का दबाव डाला जा रहा है।

