ससुरालियों का आरोप है कि दामाद जबरन उनसे उनकी कार की चाबी मांग रहा था। जब उन्होंने इनकार किया तो उसने कहा कि मेरे दोस्तों के साथ मेरी बेइज्जती कर रहे हो और फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें दामाद साथियों के साथ मिलकर साले के साथ मारपीट करता दिख रहा है।


तड़के साथियों के साथ आया
ये घटना मंगलवार तड़के 4 बजे थ्री स्टार कॉलोनी में हुई। पीड़ित परिवार के मुताबिक, आरोपी दामाद मनदीप सिंह तड़के अपने 3-4 अन्य साथियों के साथ घर पहुंचा। सभी एक ही गाड़ी में आए थे।
जीजा के पास थी दोस्त की गाड़ी, चाबी मांगी
गगनदीप ने बताया कि उसके जीजा गिन्नी के पास उसके दोस्त की गाड़ी थी जोकि उसने काफी समय से अपने पास रखी हुई थी लेकिन वापिस नहीं कर रही था। उसके पिता यानी आरोपी के ससुर ईश्वर सिंह ने उसे घर बुलाकर उससे चाबी मांगी।

चाबी देने के बाद ससुरालियों की कार मांगने लगा
गगनदीप ने कहा कि इसके बाद गिन्नी ने चाबी दे दी। मगर, इसके बदले वह ससुराल वालों की गाड़ी मांगने लगा। जब उन्होंने कहा कि वह टैक्सी लेकर चला जाए तो आरोपी दामाद भड़क उठा। उसने कहा कि मेरे दोस्तों के आगे मेरी बेइज्जती कर रहे हो।
बहस हुई तो फायरिंग करने लगा
गगनदीप ने बताया कि चाबी देने से मना करने पर गिन्नी ने उनसे विवाद करने लगा और हथियार निकाल लिया। आरोपी ने उसे टारगेट करते हुए फायर किया था लेकिन बचाव में जब उसके पिता आगे आए तो एक गोली उसके पिता के हाथ पर लग गई। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया है

पत्नी को लंबे समय से प्रताड़ित करने का आरोप
आरोपी की सास बलविंदर कौर ने आरोप लगाया कि उनका दामाद नशे का आदी है और कोई कामकाज नहीं करता। वह पिछले एक साल से अपनी पत्नी को शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान कर रहा था। परिवार का आरोप है कि इसी पारिवारिक रंजिश के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
सुबह मिट्टी में मिला गोली का खोल
पीड़ित परिवार ने बताया कि घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन रात में कोई गोली का खोल बरामद नहीं हुआ। सुबह परिवार ने खुद आसपास छानबीन की तो मिट्टी में दबा हुआ गोली का एक खोल मिला। परिजनों ने पुलिस की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

SHO बोले- 2 राउंड फायर किए, जल्द गिरफ्तार करेंगे
थाना-8 के एसएचओ राकेश कुमार ने बताया कि देर रात गोली चलने की सूचना मिली थी। वारदात में दो राउंड फायर किए गए। गोली ससुर के हाथ में लगी है। मामला दर्द कर लिया है। जांच जारी है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

