जालंधर में सुरक्षा व कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस कमिश्नर के कड़े निर्देश: पार्किंग में सीसीटीवी अनिवार्य, चाइना डोर और खुले में हथियार ले जाने पर पूर्ण पाबंदी
जालंधर, 10 नवंबर: जालंधर पुलिस कमिश्नरेट की सीमा में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने, अपराध व साइबर धोखाधड़ी पर नकेल कसने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 और आर्म्स रूल्स 2016 के तहत व्यापक दिशानिर्देश और पाबंदियां जारी की हैं। नए आदेशों के तहत रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, धार्मिक स्थलों, अस्पतालों और भीड़भाड़ वाले बाजारों सहित सभी पार्किंग स्थलों पर उच्च गुणवत्ता वाले सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। कैमरों का रुख इस प्रकार होना चाहिए कि आने-जाने वाले वाहनों की नंबर प्लेट और चालकों के चेहरे स्पष्ट दिखें। प्रबंधकों को 45 दिनों की रिकॉर्डिंग सीडी के रूप में हर 15 दिन में सिक्योरिटी ब्रांच में जमा करानी होगी, साथ ही वाहनों और उनके चालकों का पूर्ण विवरण रजिस्टर में दर्ज करना अनिवार्य होगा। एक दिन से अधिक समय के लिए पार्क होने वाले वाहनों के पंजीकरण व ड्राइविंग लाइसेंस की प्रतियां रखी जाएंगी और पार्किंग स्टाफ का पुलिस सत्यापन कराया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, शहर में यातायात सुचारू रखने के लिए फुटपाथों पर अनधिकृत बोर्ड लगाने और दुकानों के बाहर सामान रखकर किए जाने वाले अतिक्रमण पर सख्त रोक लगाई गई है। सैन्य व सुरक्षा बलों की वर्दी के दुरुपयोग को रोकने के लिए दर्जियों और दुकानदारों को खरीदार का सक्षम पहचान पत्र व विवरण दर्ज किए बिना वर्दी बेचने से मना किया गया है। साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए मोबाइल और सिम विक्रेताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे खरीदार और यूपीआई/कार्ड से भुगतान करने वाले व्यक्ति का वैध पहचान पत्र, फोटो और बायोमेट्रिक विवरण दर्ज किए बिना कोई भी फोन या सिम न बेचें। जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नायलॉन, प्लास्टिक या कांच चढ़ी खतरनाक चाइना/मांझा डोर के निर्माण, बिक्री, भंडारण, खरीद और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है, केवल सादे सूती धागे से ही पतंग उड़ाने की अनुमति होगी। साथ ही, सार्वजनिक व धार्मिक स्थलों और मैरिज पैलेसों में हथियार ले जाने व उनके प्रदर्शन, सोशल मीडिया पर हथियारों व हिंसा का महिमामंडन करने वाले गानों/वीडियो पर रोक और बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे फोड़ने व गैर-मानकीकृत साइलेंसर बेचने पर पूरी तरह पाबंदी लगाई गई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ये सभी आदेश 7 जनवरी 2027 तक प्रभावी रहेंगे और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

