जालंधर, 12 नवंबर: आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से भारत चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत जिला जालंधर में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) और वोटर वेरिफायेबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफ.एल.सी.) का कार्य आज से विधिवत शुरू हो गया है। इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया का जायजा लेने के लिए भारत चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त ई.वी.एम. नोडल अधिकारी (असम) श्रीमती सुलक्षणा बोरपातरागोईया ने स्थानीय जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स स्थित जिला स्तरीय ई.वी.एम. वेयरहाउस का दौरा कर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जांच प्रक्रिया के तकनीकी पहलुओं और कार्यप्रणाली की विस्तारपूर्वक जानकारी हासिल की तथा कहा कि चुनाव प्रक्रिया को बिना किसी रुकावट के पूरा करने के लिए मशीनों की प्रारंभिक जांच बेहद आवश्यक है। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के विशेषज्ञ इंजीनियरों की टीम द्वारा की जा रही इस जांच के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पूरी कार्रवाई की सी.सी.टी.वी. कैमरों तथा वीडियोग्राफी के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल)-कम-अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी अमनिंदर कौर, सी.एम.एफ.ओ. रजमनदीप कौर, चुनाव तहसीलदार डॉ. दीपक राज सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से इस पूरी प्रक्रिया में सक्रिय रूप से शामिल होने की अपील की, ताकि जांच के प्रत्येक चरण में पूर्ण पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सके।

