अखंड केसरी ब्यूरो :- जालंधर के सरकारी आर्ट्स एंड स्पोर्ट्स कॉलेज में 14 से 22 नवंबर, 2026 तक आयोजित होने वाली ‘अग्निवीर भर्ती रैली-2026’ के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन और सेना ने सभी तैयारियां मुकम्मल कर ली हैं। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) दिव्या पी ने शुक्रवार को संबंधित अधिकारियों के साथ भर्ती स्थल का दौरा कर प्रबंधों को अंतिम रूप दिया और निर्देश दिए कि उम्मीदवारों की सुविधा के लिए स्वच्छ पेयजल, बैठने की उचित व्यवस्था, मेडिकल सहायता और कड़े सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। इस अवसर पर मौजूद मेजर जनरल एम.एस. सभरवाल (एसएम) ने भर्ती अफसरों की टीम के साथ रनिंग ट्रैक, डोप टेस्ट, सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी प्रबंधों की बारीकी से समीक्षा की, वहीं डायरेक्टर रिक्रूटमेंट कर्नल रश्मि नारायण ने सभी व्यवस्थाओं के पुख्ता होने की पुष्टि की। इसके साथ ही, रोजगार उत्पत्ति, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण ब्यूरो की डिप्टी डायरेक्टर नीलम महे ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने का भरोसा दिलाते हुए सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर अपने एडमिट कार्ड और सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ भर्ती स्थल पर पहुंचें।

