विजिलेंस ने अदालत में दलील दी कि मजीठिया ने यह नहीं बताया है कि वह किस फ्लाइट से विदेश जाएंगे और किस शहर में जाना चाहते हैं। इसके अलावा उन्होंने विदेश में किस जगह ठहरना है, इसकी जानकारी भी नहीं दी है। विजिलेंस का कहना है कि यात्रा की इन जरूरी जानकारियों के बिना विदेश जाने की अनुमति देने पर विचार करना उचित नहीं होगा।
दिसंबर में विदेश जाना चाहते हैं मजीठिया
मजीठिया ने दिसंबर में विदेश जाने की अनुमति मांगते हुए मोहाली अदालत में याचिका दायर की थी। वह आय से अधिक संपत्ति के मामले में जमानत पर बाहर हैं। जमानत की शर्तों के अनुसार, विदेश जाने से पहले उन्हें अदालत से अनुमति लेनी जरूरी है। इसी के चलते उन्होंने अदालत में अर्जी लगाई थी। अब 23 नवंबर को होने वाली सुनवाई में इस मामले पर आगे की कार्रवाई होगी।
मोबाइल रिलीज और सप्लीमेंट्री चार्जशीट पर भी मामले
मोहाली अदालत में मजीठिया की ओर से जब्त मोबाइल फोन रिलीज कराने की याचिका पर भी सुनवाई हुई है। उन्होंने 4 जुलाई 2026 को मोबाइल वापस लेने के लिए अर्जी लगाई थी। इस पर विजिलेंस ब्यूरो ने 29 अगस्त 2026 को जवाब दाखिल किया था। अब इस मामले में 30 नवंबर को सुनवाई होनी है। यह मोबाइल आय से अधिक संपत्ति मामले की जांच के दौरान जब्त किया गया था।
इसके अलावा इसी मामले से जुड़े एक अन्य मुकदमे में दूसरे आरोपी गजपत सिंह ग्रेवाल के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो की ओर से दाखिल सप्लीमेंट्री चार्जशीट पर भी अदालत में सुनवाई हुई है।


