अखंड केसरी ब्यूरो :- जालंधर के ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम (बर्ल्टन पार्क) में आयोजित 43वें इंडियनऑयल सर्वो सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट के लीग मुकाबलों में शनिवार को बेहद रोमांचक खेल देखने को मिला। टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने किया, जबकि हॉकी पंजाब के अध्यक्ष नितिन कोहली और इंडियन ऑयल के प्रतिनिधि राकेश कुमार ने समारोह की अध्यक्षता की। इस दौरान मुख्य अतिथि ने दर्शकों के लकी ड्रॉ के लिए रखी गई ऑल्टो कार का अनावरण किया और पंजाब की युवतियों ने शानदार गिद्दा प्रस्तुत किया। दिन के पहले बड़े मुकाबले में पूल-बी के तहत भारत पेट्रोलियम ने पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी करते हुए पीएनबी दिल्ली को 2-1 से हराया। पीएनबी के थौनाओजम इंगालेम्बा ने 17वें मिनट में गोल कर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई थी, लेकिन भारत पेट्रोलियम की ओर से दिलबर बरला (24वें मिनट) और सुदीप चिरमाको (42वें मिनट) ने शानदार फील्ड गोल दागकर अपनी टीम को महत्वपूर्ण अंक दिलाए। वहीं, पूल-डी के मैच में भारतीय वायु सेना ने पंजाब एंड सिंध बैंक, दिल्ली को 2-1 से मात दी। वायु सेना की तरफ से प्रदीप (तीसरे मिनट) और जगत नचप्पा (25वें मिनट) ने फील्ड गोल किए, जबकि बैंक की टीम के लिए जसकरण सिंह (27वें मिनट) ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए एकमात्र गोल किया। दिन का आखिरी मैच पूल-ए में पूर्व चैंपियन इंडियन ऑयल मुंबई और बीएसएफ जालंधर के बीच खेला गया, जो 1-1 की बराबरी पर छूटा। इंडियन ऑयल के नवराज सिंह (19वें मिनट) और बीएसएफ के जसमन मुंडा (34वें मिनट) ने अपनी-अपनी टीमों के लिए गोल किए, जिसके बाद दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा। ਇਸ अवसर पर जालंधर के डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया सहित कई गणमान्य अतिथि और खेल जगत की हस्तियां मौजूद रहीं। टूर्नामेंट के अगले चरण में 23 नवंबर को पंजाब पुलिस का मुकाबला सीएजी दिल्ली से, इंडियन ऑयल मुंबई का मुकाबला आरसीएफ कपूरथला से और सीआरपीएफ दिल्ली का मुकाबला पंजाब एंड सिंध बैंक से होगा।


