पीड़ित रमन ओबेरॉय ने बताया कि वह अपने दफ्तर में मौजूद थे। उनके बड़े भाई लकी ओबेरॉय की 6 फरवरी को मॉडल टाउन गुरुद्वारा साहिब के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। रमन इस हत्याकांड में मुख्य चश्मदीद गवाह हैं।
संदिग्ध युवक लगातार उनके घर और दफ्तर की कर रहे थे रेकी
रमन का आरोप है कि हत्या के आरोपी लगातार उन पर केस वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। इसके लिए उन्हें अलग-अलग नंबरों और जेलों से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। पिछले कुछ दिनों से कुछ संदिग्ध युवक लगातार उनके घर और दफ्तर की रेकी कर रहे थे।

इनोवा गाड़ी पर हमला कर शीशे तोड़े
वारदात के दिन दमन अपनी गाड़ी से उतरकर दफ्तर के अंदर गए ही थे कि एक्टिवा सवार 2 से 3 हमलावर वहां आए। हमलावरों को लगा कि रमन अपनी गाड़ी के अंदर ही बैठे हैं। इसी गलतफहमी में उन्होंने पास खड़ी एक दूसरी इनोवा गाड़ी पर हमला कर उसके शीशे तोड़ दिए। शोर मचने पर हमलावर घबरा गए और अपनी एक्टिवा (नंबर PB08-FS-0458) वहीं छोड़कर भाग निकले।
रमन ओबेरॉय ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि वह रेकी और धमकियों को लेकर पहले ही पुलिस कमिश्नर (CP) दफ्तर में शिकायत दे चुके हैं और डाक के जरिए रजिस्ट्री भी भेजी है, लेकिन उन्हें अब तक कोई सुरक्षा नहीं मिली।
घटना की सूचना मिलने के बाद समाजसेवी पारस मल्होत्रा, मार्केट एसोसिएशन के सदस्य और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से हमलावरों की एक्टिवा को कब्जे में ले लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिवार ने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और पुख्ता सुरक्षा की मांग की है।


