जालंधर नॉर्थ में मेयर वनीत धीर की मौजूदगी में ‘आप’ का कुनबा बढ़ा; भाजपा और अकाली दल के कई प्रमुख नेता आम आदमी पार्टी में शामिल

- Advertisement -

अखंड केसरी ब्यूरो :- जालंधर नॉर्थ विधानसभा हलके में आम आदमी पार्टी को एक बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली है, जहां भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल से जुड़े कई प्रमुख पदाधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपने पुराने दलों को छोड़कर ‘आप’ का दामन थाम लिया है। पंजाब प्रदेश प्रधान अमन अरोड़ा और कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने इन सभी नए सदस्यों का पार्टी में विधिवत स्वागत किया। इस राजनीतिक घटनाक्रम से जालंधर नॉर्थ से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार और मेयर वनीत धीर की स्थिति और भी मजबूत हुई है। पार्टी में शामिल होने वाले प्रमुख नेताओं में भाजपा के वार्ड इंचार्ज राजेश कुमार और बूथ इंचार्ज हरविंदर सिंह टिट्टू, अकाली दल के बीसी विंग नेता जतिंदरजीत सिंह, दविंदर सिंह, हपिंदर सिंह, मुनीश कुमार, चरणजीत सिंह डीसी के साथ-साथ नामधारी सुरिंदर सिंह छिंदा, दिनेश कुमार दमन और नरिंदर पाल सिंह जैसे सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हैं। इस अवसर पर पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी की जनहितैषी नीतियों और पंजाब सरकार के विकास कार्यों से प्रभावित होकर ही विपक्षी दलों के नेता लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं। वहीं, मेयर वनीत धीर ने सभी नए साथियों का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि पार्टी में उन्हें पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा और हलके के चौमुखी विकास तथा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए उनके राजनीतिक व सामाजिक अनुभव का पूरा लाभ उठाया जाएगा।

Share This Article
Leave a comment