वाशिंगटन- अमेरिका के शीर्ष खुफिया तंत्र में हुई ताजा साइबर सेंधमारी ने वाशिंगटन से लेकर वैश्विक सुरक्षा गलियारों तक हलचल मचा दी है। हाल ही में एफबीआई (FBI), पेंटागन, अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग और कृषि विभाग पर हुए साइबर हमलों के बाद अब CIA और ODNI के नेटवर्क को निशाना बनाए जाने से यह सवाल गहरा गया है कि आखिर इस सिलसिलेवार डिजिटल हमले के पीछे किसका हाथ है।
CIA के किस खुफिया सिस्टम में लगी सेंध? जानें क्या होता था इसका इस्तेमाल
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, हैकर्स ने CIA के जिस सिस्टम को निशाना बनाया है, उसका इस्तेमाल सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारियों को जमा करने और उनका विश्लेषण करने के लिए किया जाता था। इस डेटाबेस में सोशल मीडिया, सैटेलाइट तस्वीरों और अन्य खुले स्रोतों से जुटाई गई महत्वपूर्ण जानकारियां संग्रहीत थीं।
इसी सिस्टम के माध्यम से अमेरिकी खुफिया एजेंसियां दुनिया भर में संभावित खतरों की पहचान करने और महत्वपूर्ण सूचनाएं एकत्र करने का काम करती थीं। हालांकि, अधिकारियों के हवाले से यह भी सामने आया है कि प्रभावित नेटवर्क अनक्लासिफाइड जानकारियों से जुड़ा था और इससे क्लासिफाइड सिस्टम बाधित नहीं हुए हैं।
साइबर अटैक के पीछे कौन? तरीके और हमलावरों पर बना हुआ है सस्पेंस
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस हाई-प्रोफाइल साइबर अटैक के पीछे किस देश या हैकिंग समूह का हाथ है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में यह भी खुलासा नहीं किया गया है कि हैकर्स ने इस सुरक्षित माने जाने वाले सिस्टम में आखिर किस तकनीक से सेंध लगाई और कौन-सी जानकारियां प्रभावित हुई हैं। इस घटना ने अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के साइबर सुरक्षा ढांचे को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
FBI, पेंटागन और कृषि विभाग के बाद अब CIA निशाने पर
यह मामला हाल के दिनों में अमेरिका में सामने आए कई साइबर हमलों और तकनीकी सेवाओं में आई रुकावटों की कड़ी में सबसे गंभीर घटना बताया जा रहा है। इससे पहले अमेरिकी कृषि विभाग में साइबर सेंधमारी, पेंटागन तथा अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग से जुड़ी साइबर घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
इसके अलावा हाल ही में एफबीआई (FBI) में भी दो अलग-अलग साइबर सेंध का खुलासा हुआ था, जहां कुछ दिन पहले हैकर्स ने एफबीआई के नेशनल क्राइम इंफॉर्मेशन सेंटर (NCIC) डेटाबेस को निशाना बनाया था- जिसके जरिए संघीय, राज्य और रीजनल लॉ एजेंसियों के बीच सूचनाओं का आदान-प्रदान होता है।


