जालंधर में खूनी वारदात, छुरी से गोदकर व्यक्ति की हत्या: 2 हमलावरों ने गर्दन समेत शरीर पर किए कई वार

- Advertisement -

जालंधर- जालंधर के बूटा मंडी इलाके में दिनदहाड़े छुरी मारकर एक व्यक्ति की हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सतपाल के रूप में हुई है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि घटना के बाद इलाके मेंआक्रोश का माहौल है।

मृतक के बेटे रोहन प्रीत के मुताबिक, वह शुक्रवार रात अपने पिता सतपाल के साथ एक्टिवा से घर लौट रहे थे। इसी दौरान जब उन्होंने यू-टर्न लिया, तभी आरोपी अजय ने तेजधार हथियार से उन पर हमला कर दिया। रोहन प्रीत ने बताया कि उसने शोर भी मचाया, लेकिन मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। गर्दन समेत शरीर के कई हिस्सों में चाकू लगने से पिता सतपाल की मौके पर ही मौत हो गई। परिवार के अनुसार, मृतक की अजय के साथ कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। आरोपी अजय बूटा मंडी में वेल्डिंग का काम करता है। परिजनों ने हमलावरों की पहचान अजय क्लेर और अमरजीत क्लेर के रूप में बताई है।

बूटा मंडी में मर्डर के बाद घर पर पहुंचे लोग।
बूटा मंडी में मर्डर के बाद घर पर पहुंचे लोग।

परिवार बोला-आरोपी नशा करने का आदी

परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि अजय नशे का आदी है और पहले भी कई लोगों पर हमले कर चुका है, इसके बावजूद उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि इस घटना के दौरान उसके सांडू के बेटे पर भी तीखी चीज से हमला किया गया था, जिसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां सिटी स्कैन में सांस की नली को नुकसान पहुंचने और हालत गंभीर होने की बात सामने आई है।

थाना-6 की पुलिस मौके पर पहुंची

सूचना मिलने पर थाना-6 की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू की। थाना-6 प्रभारी रवि ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल छुरी बरामद कर ली गई है और मृतक के बेटे के बयानों के आधार पर बनती कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और इंसाफ की मांग की है।

Share This Article
Leave a comment