अखंड केसरी ब्यूरो :- 2004 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने जालंधर के नए पुलिस कमिश्नर के रूप में अपना आधिकारिक पदभार ग्रहण कर लिया है। पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचने पर विभागीय कर्मचारियों ने गुलदस्ते भेंट कर उनका स्वागत किया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर विभिन्न थानों के एसएचओ, एसीपी और डीसीपी रैंक के अधिकारी भी मौजूद रहे। इससे पहले अमृतसर में आईजीपी बॉर्डर रेंज के पद पर तैनात रहे भुल्लर जालंधर शहर के लिए नए नहीं हैं; वह सितंबर 2018 से सितंबर 2021 तक शहर के पुलिस कमिश्नर और इससे पूर्व जालंधर देहाती में एसएसपी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। पदभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर से नशे और अपराध को जड़ से खत्म करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी, जिसके लिए उन्होंने आम जनता से भी पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।


