अखंड केसरी ब्यूरो :- जालंधर के पीएपी (PAP) कॉम्प्लेक्स में शनिवार को आयोजित भारतीय टचौकबॉल फेडरेशन की बैठक के दौरान नई कार्यकारिणी के चुनाव संपन्न हुए, जिसमें स्टेट आर्म्ड पुलिस के डीजीपी एमएफ फारूकी (IPS) को सर्वसम्मति से निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया, जबकि डॉ. रश्मि विज अपने प्रतिद्वंद्वी असम के अशोक गवैरी (10 वोट) को हराकर 18 वोटों के साथ फेडरेशन की महासचिव बनीं। सेवानिवृत्त आईजी राजपाल सिंह संधू (IPS) को इस चुनाव का चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया था, जिनके साथ एडवोकेट आयुष यादव, रंजीत पवार और निहारिका तिवारी ने चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने में अहम भूमिका निभाई। नई कार्यकारिणी में किशोर पटेल (गुजरात), दिवाकर राय (पश्चिम बंगाल), सुरेश गांधी (महाराष्ट्र) और सहरी फारूक (जम्मू-कश्मीर) को उपाध्यक्ष तथा राकेश कुमार को संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है, वहीं क्षेत्रीय अध्यक्षों के रूप में नॉर्थ जोन के लिए सुरेंद्र कुमार (सेवानिवृत्त एआईजी), वेस्ट जोन के लिए सुरेश गांधी, साउथ जोन के लिए जे. वसंत (तेलंगाना) और ईस्ट जोन के लिए किरोद कुमार (ओडिशा) को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस अवसर पर नवनियुक्त अध्यक्ष डीजीपी एमएफ फारूकी ने जानकारी दी कि आगामी वर्ष 26, 27 और 28 फरवरी को पहली बार जालंधर में साउथ एशियन चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं, साथ ही सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर नेशनल चैंपियनशिप का कैलेंडर भी जल्द जारी किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि संस्था को सीएसआर (CSR) सहित 80G और 12A के तहत पंजीकृत कर लिया गया है और उनका लक्ष्य अगले 4 वर्षों के भीतर भारतीय टचौकबॉल फेडरेशन को भारतीय खेल मंत्रालय के अधीन पंजीकृत करवाना तथा सभी राज्य इकाइयों की कार्यप्रणाली को और अधिक सुव्यवस्थित करना है।


