जालंधर में CIA कर्मियों के डर से युवक ने दी जान? पेड़ पर लटका मिला शव, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

जालंधर जालंधर के नजदीकी गांव जंडू सिंघा में एक 44 वर्षीय युवक द्वारा कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक का शव घर के पिछले हिस्से में एक पेड़ से लटका हुआ बरामद हुआ। मृतक की पहचान दविंदर सिंह (पुत्र तरसेम सिंह) के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से गांव में तनाव और शोक का माहौल है। परिजनों ने पुलिस के ही उच्च अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

परिजनों के अनुसार, दविंदर सिंह की मौत के बाद घर से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। परिवार का दावा है कि दविंदर ने इस नोट में अपनी मौत के लिए सीधे तौर पर सीआईए (CIA) स्टाफ के सब-इंस्पेक्टर नवजोत सिंह, जसकरण सिंह और तनवीर कौर को जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों ने यह सुसाइड नोट पुलिस को सौंप दिया है और आरोपियों के खिलाफ तुरंत मामला दर्ज करने की मांग की है।

घर में घुसकर हाथापाई और धमकी देने का आरोप

मृतक के परिवार ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि सब-इंस्पेक्टर नवजोत सिंह, जो कि इसी गांव (जंडू सिंघा) का निवासी हैं, बीते 18 अगस्त को उनके घर आया था। आरोप है कि उस दौरान नवजोत सिंह और दविंदर के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस और हाथापाई हुई थी। परिजनों का कहना है कि सब-इंस्पेक्टर नवजोत सिंह ने दविंदर को पुलिसिया धौंस दिखाते हुए उसे जबरन उठवा लेने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।

मानसिक रूप से परेशान था युवक, पहले भी किया था प्रयास

परिवार के मुताबिक, पुलिस अधिकारी द्वारा दी गई इस धमकी के बाद से दविंदर सिंह बेहद डरा हुआ और मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। बदनामी और पुलिसिया कार्रवाई के डर से उसने करीब दो दिन पहले भी आत्महत्या करने का प्रयास किया था। आत्महत्या के पहले प्रयास के दौरान दविंदर ने अपने मोबाइल फोन पर एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने अपनी परेशानी का जिक्र किया था। हालांकि, उस समय परिवार वालों को भनक लग गई और उन्होंने उसे समझा-बुझाकर ऐसा आत्मघाती कदम उठाने से रोक लिया था, लेकिन वह डिप्रेशन से बाहर नहीं आ सका।

पुलिस अधिकारी बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच करवाने तथा जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

इस संबंध में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है। परिवार द्वारा सौंपे गए कथित सुसाइड नोट और मोबाइल वीडियो को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट की लिखावट और परिवार के आरोपों की सत्यता की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Share This Article
Leave a comment