वोटिंग के दौरान लुधियाना के रायकोट में AAP और कांग्रेस वर्करों में टकराव हो गया। इसमें कांग्रेस वार्ड नंबर-4 से कांग्रेस उम्मीदवार जगदेव सिंह जग्गा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। कांग्रेस का आरोप है कि AAP विधायक हाकम ठेकेदार के समर्थकों ने कांग्रेस उम्मदीवार के हाथ-पैर तोड़ दिए हैं। खन्ना में भी कांग्रेस और AAP वर्करों के बीच बहस हुई है।

चुनाव को लेकर पूरी सख्ती बरती गई है। राज्य चुनाव आयोग ने 9 चीजों को अंदर ले जाने पर रोक लगा दी है। यहां तक कि स्विच ऑफ मोबाइल भी अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। वोटिंग के चलते आज पंजाब के सरकारी छुट्टी है। इसके अलावा शराब बिक्री पर भी रोक लगाई गई है। वोटिंग में किसी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए 35 हजार पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं।
वोटिंग से जुड़े PHOTOS…



- रायकोट में कांग्रेस उम्मीदवार पर जानलेवा हमला: रायकोट में नगर कौंसिल चुनाव के बीच कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि AAP विधायक हाकम ठेकेदार के समर्थकों ने वार्ड नंबर-4 से कांग्रेस उम्मीदवार जगदेव सिंह जग्गा पर जानलेवा हमला किया। हमले में गंभीर रूप से घायल जग्गा को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर लुधियाना के डीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
- खन्ना में AAP-कांग्रेस समर्थकों में बहस: खन्ना में नगर कौंसिल चुनाव के वार्ड नंबर 15 में मतदान शुरू होते ही कांग्रेस और AAP के समर्थकों के बीच तीखी बहस हुई। वोटिंग शुरू होते ही समर्थक भिड़ने लगे। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और स्थिति को नियंत्रित कर लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत रहने की सख्त हिदायत दी, ताकि मतदान प्रक्रिया बाधित न हो।
- मोगा में मतदान दौरान भिड़े कांग्रेस-AAP समर्थक: मोगा के वार्ड-41 में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। बूथ के बाहर खड़े होने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते तनावपूर्ण स्थिति में बदल गया, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस ने बूथ के आसपास मौजूद लोगों और समर्थकों को वहां से हटा दिया गया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
- बरनाला में फर्जी वोटिंग को लेकर हंगामा: बरनाला के वार्ड नंबर 33 में फर्जी वोटिंग को लेकर मतदान केंद्र पर हंगामा हो गया। आम आदमी पार्टी (AAP) और निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थक आमने-सामने आ गए, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। AAP उम्मीदवार रीता गोयल (पत्नी चमन लाल चतरी) और निर्दलीय प्रत्याशी उर्मिला देवी (पत्नी हेमराज गर्ग) के समर्थकों के बीच विवाद हुआ। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर फर्जी वोटिंग कराने के आरोप लगाए।
इन चुनावों में हार-जीत के क्या मायने
पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में इन चुनावों में हार-जीत को पॉलिटिकल माहौल के एंगल से भी देखा जा रहा है। अगर सत्ताधारी AAP ने वनसाइड विक्ट्री हासिल की तो वह ये कह सकेंगे कि साढ़े 4 साल बाद भी सरकार के प्रति एंटी इनकम्बेंसी का माहौल नहीं है।
अगर हारी तो विपक्षी इसे विधानसभा चुनाव में भुनाएंगे। AAP के अलावा अगर भाजपा, कांग्रेस या अकाली दल की परफॉर्मेंस अच्छी रहती है तो वह इससे अगले चुनाव में अपने लिए माहौल बनाने की कोशिश करेंगे।
