झोटा हत्याकांड: CM मान बोले- सभी जायज मांगें मानीं, अब अंतिम संस्कार का फैसला परिवार पर छोड़ा

- Advertisement -
Punjab Government
बठिंडा– मानसा में एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा के हत्याकांड में परिवार और एक्शन कमेटी का 14वें दिन भी धरना जारी है। परिवार और एक्शन कमेटी CM और DGP के इस्तीफे की मांग पर अड़े हैं। इस बीच सीएम भगवंत मान ने कहा कि सरकार ने परिवार और कमेटी की सभी जायज मांगें मान ली हैं। अब परिवार या कमेटी को तय करना है कि अंतिम संस्कार कब किया जाए।

उधर, आज सुबह CBI ने मानसा के वीर नगर मोहल्ले में 2 मेडिकल स्टोरों के गोदामों में रेड की है। इसमें एक आरोपी केमिस्ट अश्विनी कुमार का गोदाम है। गोदाम के ताले खुलवाने के लिए प्लंबर को बुलाया गया। CBI की टीम 20 अक्टूबर की देर रात करीब 12 बजे मानसा पहुंची थी। तब से टीम यहां लगातार जांच कर रही है।

वहीं, एक्शन कमेटी ने प्रदर्शन की अगली रणनीति तय करने के लिए आज झोटा के परिवार के साथ बैठक करने का फैसला किया है। दूसरी तरफ सरकार की ओर से गठित कमेटी के साथ कोई बैठक तय नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि अगर प्रशासन बैठक करता है, तो अन्य मांगों के साथ-साथ झोटा को शहीद का दर्जा दिलाने की मांग उठाई जाएगी। उधर, पंजाब के सभी होलसेलर और रिटेलर केमिस्टों ने तीन तरह की दवाओं की बिक्री बंद करने का ऐलान किया है। इनमें ट्रामाडोल, प्रेगाबालिन और सभी तरह की साइकोट्रोपिक व नारकोटिक दवाएं शामिल हैं।

मानसा के वीर नगर मोहल्ले में आरोपी केमिस्ट के गोदाम के ताले तोड़ने के लिए प्लंबर को बुलाया गया।
मानसा के वीर नगर मोहल्ले में आरोपी केमिस्ट के गोदाम के ताले तोड़ने के लिए प्लंबर को बुलाया गया।

झोटा के इंसाफ की लड़ाई नशे के खिलाफ साझा संघर्ष बने

झोटा की पत्नी मनप्रीत कौर ने कहा कि संघर्ष को केवल झोटा के मामले में दोषियों को सजा दिलाने तक सीमित नहीं रखना चाहिए। इसे पंजाब में नशे के बढ़ते प्रचलन के खिलाफ साझा लड़ाई बनाना होगा, ताकि दूसरे परिवारों को उजड़ने से बचाया जा सके।

उन्होंने कहा कि उनके परिवार ने अपने प्रियजन को खोने का जो दुख झेला है, वह किसी और परिवार को न झेलना पड़े। किसी बच्चे के सिर से पिता का साया न उठे और किसी दूसरे घर के सपने नशे की भेंट न चढ़ें। युवाओं की मौतों और परिवारों की तबाही के मुद्दे पर सरकार को जवाबदेह बनाने के लिए लोगों का एकजुट होना जरूरी है।

किसानों, मजदूरों और युवाओं से एकजुट होने की अपील

मनप्रीत कौर ने किसानों, मजदूरों, युवाओं और संगठनों से साझा मंच पर आने की अपील की। उन्होंने कहा कि झोटा ने नशे के खिलाफ जो लड़ाई शुरू की थी, उसे आगे बढ़ाना और दूसरे परिवारों को उजड़ने से बचाने के लिए संघर्ष करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने परविंदर झोटा के परिवार से मुलाकात की।
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने परविंदर झोटा के परिवार से मुलाकात की।

झोटा के परिवार से मिलने पहुंचे सुखबीर बादल

शिरोमणि अकाली दल के प्रधान व पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल रविवार देर शाम को परविंदर सिंह झोटा के मानसा स्थित घर पहुंचकर उनके परिवार से मुलाकात की और दुख साझा किया। उन्होंने झोटा के माता-पिता, पत्नी और दोनों छोटे बच्चों के हौसले को नमन करते हुए कहा कि परिवार अपने गहरे दुख के बावजूद इंसाफ की लड़ाई लड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि झोटा के परिवार और एक्शन कमेटी को भरोसा दिलाया गया है कि शिरोमणि अकाली दल की ओर से और व्यक्तिगत तौर पर भी वे हर समय इंसाफ के इस संघर्ष में उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब की जवानी को नशे से बचाने के लिए भाई झोटा के संघर्ष को हमेशा याद रखा जाएगा।

Share This Article
Leave a comment